Advertisement
25 August 2017

गुरमीत राम रहीम से पहले इन विवादित बाबाओं को जाना पड़ा जेल

गुरमीत राम रहीम, चंद्रास्वामी, अासाराम, नित्यानंद

यौन शोषण मामलें में पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने डेरा सच्‍चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को आज दोषी करार दिया है। 15 साल पुराने इस चर्चित केस में जज जगदीप सिंह ने गुरमीत को दोषी करार दिया है। सजा का ऐलान 28 अगस्त को किया जाएगा। कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद गुरमीत राम रहीम के समर्थक उग्र हो गए। धर्म का नाम लेकर इस तरह की हिंसा पागलपन का सबूत है। इन बाबाओं को इसी भीड़ से ताकत मिलती है और इसकी आड़ में ये लोग गोरखधंधा करते हैं।

गुरमीत राम रहीम अकेले नहीं हैं जिन पर कोर्ट की तरफ से डंडा चलाया गया है। ये बाबा भी रहे हैं विवादों में-

चंद्रा स्‍वामी 

Advertisement

विवादित तांत्रिक चंद्रा स्वामी को पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्‍हा राव के आध्‍यात्मिक सलाहकार के रूप में ज्यादा जाना जाता है। स्‍वामी का पूरा जीवन विवादों से घिरा रहा। नेताओं से लेकर अभिनेताओं तक पर उनका जादू चला। स्‍वामी पर ईडी ने फेमा के उल्लंघन के मामले में 9 करोड़ रुपए की पेनल्टी लगाई थी। लंदन के एक व्यापारी के साथ धोखाधड़ी के मामले में 1996 में चंद्रास्वामी को गिरफ्तार किया गया था। स्‍वामी दिमाग पढ़ने और सटीक भविष्यवाणी का दावा करते थे।

स्‍वामी नित्‍यानंद

 

महिला समर्थकों से बलात्‍कार के आरोप में गिरफ्तार स्‍वामी नित्‍यानंद के आश्रम की ओर से दावा किया जाता रहा है कि वो समर्थकों को हवा में उछाल देते हैं। यहां तक‍ कि वो प्राण प्रतिष्‍ठा भी कर सकते हैं। नित्‍यानंद के ऊपर तमिल अभिनेत्री रंजीता के साथ यौन गतिविधियों में शामिल होने का आरोप भी है।

स्‍वामी प्रेमानंद 

स्‍वामी प्रेमानंद का चेहरा काफी कुछ सत्‍य साईं बाबा से मिलता था और उसकी प्रसिद्धि की ये भी एक बड़ी वजह थी। प्रेमानंद को 13 लड़कियों से बलात्‍कार करने का दोषी पाया गया था। साईं बाबा की तरह विभूति निकालने के अलावा वह अपने पेट से शिवलिंग भी निकालता था।

आसाराम बापू 

जेल में बंद आसाराम के ऊपर 16 साल की लड़की का रेप करने का आरोप लगा है। उसके ऊपर आश्रम में रह रहे दो लड़कों की रहस्‍यमत मौत में शामिल होने का आरोप भी है। फिलहाल आसाराम जेल में है।

संत रामपाल 

खुद को संत मानने वाले संत रामपाल भी जेल में है। रामपाल के ऊपर ढेरों आरोप हैं। 20 नवंबर 2014 को हत्‍या के आरोप में गिरफ्तार रामपाल पर देशद्रोह का आरोप भी है। रामपाल की गिरफ्तारी के बाद उसके समर्थकों ने पूरे इलाके को युद्ध का मैदान बना दिया था। रामपाल खुद को संत कबीर का उत्तराधिकारी मानता है। समर्थक तो यहां तक मानते है कि सतपाल के रूप में कबीर ने दूसरी बार जन्‍म लिया है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: ram rahim, asharam, controversial godmen
OUTLOOK 25 August, 2017
Advertisement