Advertisement
30 January 2020

'ये लो आजादी', कहते हुए जामिया क्षेत्र में युवक ने प्रदर्शनकारी छात्र को गोली मारी

 

दिल्ली के जामिया क्षेत्र में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में प्रदर्शन के दौरान जामिया मिलिया इस्लामिया यूनीवर्सिटी के छात्र को एक व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली से छात्र की कलाई जख्मी हो गई। इस घटना की सामने आई वीडियो में गोपाल नाम का यह व्यक्ति पिस्तौल लहराता दिखाई दे रहा है। वह व्यक्ति यह कहता सुनाई देता है कि किसको चाहिए आजादी। हम देंगे आजादी। यह लो आजादी।

 

Advertisement

प्रदर्शनकारी राजघाट की ओर बढ़ रहे थे

 

हमलावर ने ये वाक्य बोलते हुए जामिया मिलिया के छात्रों की ओर फायर किया। इससे शादाब नाम का एक छात्र घायल हो गया। उसकी कलाई में गोली लगी। बाद में छात्रों ने हमलावर को पकड़ लिया। घायल छात्र को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना उस समय हुई जब जामिया मिलिया के छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी सीएए और एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए राजघाट की ओर जा रहे थे। गोली चलाने वाला सनकी युवक खुद को राम भक्त बता रहा है।

 

घायल शादाब मास कम्युनिकेशन का छात्र

 

पुलिस मामले की की जांच कर रही है। घायल छात्र की पहचान शादाब के तौर पर हुई है। वह जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में मास कम्युनिकेशन का छात्र है। हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के व्यवस्था होने के बाद भी युवक ने गोली चला दी। प्रोटेस्ट मार्च वाले इलाके में काफी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती थी, फिर भी आरोपी युवक ने खुलेआम गोली चलाई।

 

यहां देखें वीडियो-

 

पुलिस ने हमलावर को नहीं रोका 

 

घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि आदमी ने खुलेआम हथियार निकाला लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। प्रदर्शनकारियों की ओर वह शख्स आगे बढ़ रहा था, इस दौरान पुलिस महज चुप्पी साधे हुए देखते रही। साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी चिन्मय बिस्वाल ने कहा कि युवक खुले में पिस्टल लहराता दिख रहा है। हमारे पास जो वीडियो है, हम उसकी जांच कर रहे हैं। युवक से पूछताछ की जा रही है।

 

हमलावर ने लगाए नारे 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक गोली चलाने के दौरान भारत मां की जय, दिल्ली पुलिस जिंदाबाद और वंंदे मातरम का नारा लगा रहा था। पुलिस ने बदमाश युवक को हिरासत में ले लिया है।

 

गौरतलब है कि पिछले दिनों शाहीन बाग में एक व्यक्ति बंदूक लेकर धरना स्थल पर पहुंच गया। उस व्यक्ति ने धरना देने वालों को धमकाने का प्रयास किया कि अगर धरने से नहीं हटे तो लाशें बिछा दूंगा।जब लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने उस व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Jamia Milia, student, CAA, protest, Shaheen bagh
OUTLOOK 30 January, 2020
Advertisement