Advertisement
03 August 2016

कन्हैया को सदन में प्रवेश से इंकार : कांग्रेस ने पूछा क्या वह आतंकवादी है

सूचना के प्रश्न के नाते इस मामले को उठाते हुए कांग्रेस विधायक नदीन खान ने कहा कि कुमार को वैध प्रवेशपत्र होने के बावजूद सदन में प्रवेश की इजाजत न देने का कोई ठोस कारण नहीं है। पूर्व मंत्री खान ने सवाल किया, क्या कन्हैया कुमार एक आतंकवादी है कि उसे इजाजत नहीं दी गई। अध्यक्ष हरिभाउ बागड़े ने खान को बताया कि वह कल की घटना का विवरण मांगेंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने घटना को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा, वह आतंकवादी नहीं है। एक लोकतांत्रिक प्रणाली में, कोई भी आकर कानून निर्माता निकायों की कार्यवाही देख सकता है। इस बात की जांच होनी चाहिए कि उसे रोकने का आदेश किसने दिया।

 

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रा संघ के नेता कन्हैया कुमार शेतकरी कामगार पक्ष के वार्षिक समारोह में भाग लेने के लिए कल शहर में थे। कुमार ने बताया कि उनके पास अधिकारियों द्वारा जारी दर्शक दीर्घा का वैध प्रवेशपत्र था, लेकिन विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें भीतर प्रवेश नहीं करने दिया। बाद में वह रायगढ़ जिले के लिए रवाना हो गए। कुमार ने कहा था, मुझे रोका गया और जब मैंने कारण जानना चाहा तो उनके पास कोई जवाब नहीं था। मैं लोकतांत्रिक प्रक्रिया देखना चाहता था और मेरे पास तमाम जरूरी अनुमति और प्रवेशपत्र था, फिर भी मुझे रोका गया।

Advertisement

 

 

TAGS: जेएनयू, कन्हैया कुमार, महाराष्ट्र, विधानसभा, आतंकवादी
OUTLOOK 03 August, 2016
Advertisement