Advertisement
16 December 2017

'इंडियाज मोस्ट वांटेड' फेम सोहेब इलियासी पत्नी का कातिल करार

File Photo.

दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने टीवी सीरियल निर्माता सोहेब इलियासी को पत्नी अंजू की हत्या में दोषी करार दिया है। साल 2000 में हुई अंजू इलियासी की हत्या में कोर्ट 20 दिसंबर को सोहेब को सजा सुनाएगी।

माना जाता है कि भारतीय टेलीविजन पर रिएलिटी शो की शुरुआत सोहेब इलियासी ने ही की थी। नब्बे के दशक में वह टीवी की दुनिया के सुपर स्टार थे। इस शख्स ने अपने शो के माध्यम से खोजी पत्रकारिता की मिसाल पेश की।

21 वीं सदी की शुरुआत में सोहेब के शो का नाम ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ था। इससे पहले नब्बे के दशक की शुरुआत में लंदन से लौटे सोहेब के इस शो की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। सोहेब के इस शो के केंद्र में थे देश के सबसे खूंखार अपराधी। वो दिखाना चाहते थे कि कैसे ये अपराधी अपने गैंग को चलाते हैं और अपराधों को अंजाम देते हैं।

Advertisement

अपने इस प्रस्ताव के साथ वो जिस भी चैनल मालिक के पास गए उन्हें निराशा ही मिली। इसके बाद ज़ी टीवी ने उनके शो को दिखाया। शो के टीवी पर आते ही इसने लोकप्रियता की नई कहानी लिख दी।

सोहेब की पैदाइश दिल्ली की है और उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इसके बाद वो लंदन चले गए जहां उन्होंने टीवी एशिया में काम किया। जल्द ही वो इस चैनल के प्रोग्राम प्रोड्यूसर बन गए। 1996 में सोहेब भारत आए और एक क्राइम बेस्ड रिएलिटी शो पर काम शुरू किया। बाद में ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ देश का सबसे चर्चित कार्यक्रम बन गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Karkardooma court, TV serial producer, Suhaib Ilyasi, Anju Ilyasi
OUTLOOK 16 December, 2017
Advertisement