Advertisement
08 August 2015

दहेज के खिलाफ उलेमाओं की पहल

दरगाह आला हजरत से जुड़े जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शहर काजी मौलाना असजद रजा खां कादरी ने आज यहां बताया कि दहेज मांगने और कार्यक्रमों में खड़े होकर खाना खिलाने वालों के खिलाफ आंदोलन की शुरूआत बरेली जिले के कस्बा कसबा ठिरिया से कर दी गई है।

 

उन्होंने बताया कि तंजीम ने तय किया है कि देश में जहां-जहां ये कुरीतियां होंगी वहां लोगों को शरीयत के हवाले से समझाया जाएगा। इसके बाद भी न मानने वालों के यहां कोई भी आलिमे दीन निकाह नहीं पढ़ाएगा।

Advertisement

 

कादरी ने कहा कि दहेज की लगातार बढ़ रही मांग के चलते समाज के एक बड़े तबके में लड़कियों की शादी नहीं हो पा रही है। दहेज को शरीयत-ए-इस्लामिया ने नाजायज करार दिया है। वहीं शादी-ब्याह और दूसरे कार्यक्रमों में खड़े होकर या चलते-फिरते खाना खाने को भी इस्लामी शरीयत के खिलाफ माना गया है।

 

उन्होंने कहा कि दहेज मांगने पर रोक लगाने के पीछे हमारी नीयत लोगों को शरीयत पर अमल के लिए पाबंद बनाना है ताकि फिजूलखर्ची तथा गैर शरई तरीकों पर रोक लगे।

 

मरकजी दारूल इफ्ता से जुड़े मुफ्ती शुएब रजा कादरी ने कहा है कि पैगंबरे इस्लाम ने निकाह, शादी, वलीमा, दहेज या खाना खाने का जो तरीका बताया है, उसी को अपनाना चाहिए। इसके खिलाफ चलेंगे तो खुदा और रसूल नाराज होंगे।

 

जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि पैगंबरे इस्लाम ने दहेज मांगने और खड़े होकर खाना खाने वालों से सख्त नाराजगी का इजहार किया है। इन बुराइयों के खिलाफ हम देश भर में बड़ा आंदोलन खड़ा करने जा रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: nikah ceremony, dowry, bareilly markaz dargarh ala hazrat, shahr qazi raza khan qadri, markazi, dar-ul-Ifta, निकाह, दहेज, बरेलवी मरकज दरगाह आला हजरत, शहर काजी मौलाना असजद रजा खां कादरी, मरकजी, दर-उल-इफ्ता
OUTLOOK 08 August, 2015
Advertisement