Advertisement
19 November 2017

नोटबंदी पर तंज कसने के फेर में थरूर ने मिस वर्ल्ड मानुषी का उड़ाया मजाक

नोटबंदी पर तंज कसने के फेर में थरूर ने मिस वर्ल्ड मानुषी का उड़ाया मजाक

राजा-महराजाओं पर टिप्पणी कर अपनों के निशाने पर आए कांग्रेस सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर नए विवाद में घिर गए हैं। 17 साल बाद मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली मानुषी छिल्लर के नाम का मजाक उड़ाने के कारण अब वे निशाने पर हैं। एक ट्वीट में नोटबंदी पर तंज कसने के चक्कर में उन्होंने मानुषी के सरनेम छिल्लर का मजाक उड़ा दिया।

उन्होंने ट्वीट किया,"करेंसी का विमुद्रीकरण गलती थी। भाजपा को ये एहसास होना चाहिए कि भारतीय कैश दुनिया पर राज करता है, यहां तक कि हमारी छिल्लर भी मिस वर्ल्ड बन गईं।" थरूर ने मानुषी के सरनेम की ओर इशारा किया था। इस ट्वीट का मतलब शायद 'चिल्लर' से था। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे रीट्वीट करते हुए इस ट्वीट और थरूर की भाषा को गलत बताया। सफाई में थरूर ने फिर से एक ट्वीट किया और बताया कि वो ट्वीट उन्होंने बस हल्के-फुल्के अंदाज में किया है।

Advertisement

उन्होंने यह भी लिखा कि मानुषी की जीत पर बेशक वो बहुत खुश हैं खासकर उनके जवाब ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है। उनके इस ट्वीट को राष्‍ट्रीय महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग ने थरूर को नोटिस जारी कर दिया है। इससे पहले फिल्म 'पद्मावती' पर विवाद में भारतीय राजाओं पर टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने थरूर को इतिहास पढ़ने की नसीहत दे डाली थी।

TAGS: नोटबंदी, छिल्लर, मिस वर्ल्ड, थरूर, Note ban, Chhillar, Miss World, Tharoor
OUTLOOK 19 November, 2017
Advertisement