Advertisement
08 December 2017

प्रकाश राज ने केंद्रीय मंत्री से पूछा, क्या आप लोग जर्मन हिटलर के अवतार हैं?

प्रकाश राज ने केंद्रीय मंत्री से पूछा, क्या आप लोग जर्मन हिटलर के अवतार हैं?

राष्ट्रवाद और हिंदुत्व को बराबर बताने पर अभिनेता प्रकाश राज ने केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े की तीखी आलोचना की है। ट्वीट कर उन्होंने हेगड़े से पूछा है कि राष्ट्रवाद और हिंदुत्व को एक बताकर वे क्या कहना चाहते हैं। राज ने ट्वीट किया, 'आपने कहा कि राष्ट्रवाद और हिंदुत्व दो अलग-अलग चीजें नहीं हैं, एक ही हैं और उनका मतलब एक ही है। आप राष्ट्रवाद में धर्म को क्यों लाते हैं? उन लोगों का क्या जो हिंदू नहीं हैं, लेकिन हमारे देश के गौरव हैं जैसे- आंबेडकर, अब्दुल कलाम, एआर रहमान, खुशवंत सिंह, अमृता प्रीतम, डॉ.वर्गीज कुरियन… यह फेहरिस्त लंबी है।'

उन्होंने कहा,' मेरे जैसे लोगों का क्या जिनका कोई धर्म नहीं हैं। जो मानवता में विश्वास रखते हैं। क्या हम सब अपने देश के नागरिक नहीं हैं? आप लोग कौन हैं… आपका एजेंडा क्या है… चूंकि आप जन्मों में विश्वास रखते हैं… क्या आप लोग जर्मन हिटलर का अवतार हैं?' इस पोस्ट के बाद उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कन्नड़ में बातें करते हेगड़े की वीडियो क्लिप भी डाली है जिसमें वह कथित रूप से कह रहे हैं कि हिंदुत्व और राष्ट्रवाद अलग चीजें नहीं हैं। प्रकाश राज ने लिखा, 'इस मंत्री का कहना है कि इस्लाम का इस दुनिया से सफाया कर देना चाहिए… तो जब वह हिंदुत्व की बात करते हैं तो क्या उनका मतलब जीवनशैली से है।'

तीसरे ट्वीट में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता ने अपने समर्थकों से कहा कि वे हमारे धर्मनिरपेक्ष देश में मंत्री के एजेंडा का विश्लेषण करें और उनकी मंशा एवं बेशर्म राजनीति पर सवाल करें। इससे पहले प्रकाश राज ने पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के मामले में चुप्पी काे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की  पर कड़ी टिप्पणी की थी।

TAGS: प्रकाश राज, भाजपा, हिंदुत्व, Prakash Raj, BJP, Hindutva
OUTLOOK 08 December, 2017
Advertisement