Advertisement
12 August 2019

अनुच्छेद 370ः बीबीसी, उत्तरी आयरलैंड और कश्मीर- जब शेखर कपूर ने की गलती

जी.सी. शेखरः

उत्तरी आयरलैंड दो हिस्सों में नहीं बंटा है, जैसा कि कश्मीर भारत और पाकिस्तान दो देशों के बीच बंटा है। साथ ही, आयरलैंड और उत्तरी आयरलैंड के बीच का विभाजन भी पेचीदा नहीं है।

शेखर कपूर इतिहास और भाषा की अपनी समझ में तब चूक गए, जब उन्होंने बीबीसी से सवाल किया कि वह उत्तरी आयरलैंड को ब्रिटिश अधिकृत आयरलैंड क्यों नहीं कहता, जबकि उसने कश्मीर को भारतीय अधिकृत कश्मीर कहा है। अभिनेता-निर्देशक कपूर स्पष्ट रूप से कश्मीर से जुड़ी प्रस्तावना में उलझ गए, जबकि ऐसी कोई भी चीज उत्तरी आयरलैंड से जुड़ी नहीं थी। और, वह अब यूनाइटेड किंगडम का हिस्सा है।

Advertisement

1998 की फिल्म “एलिजाबेथ” के निर्देशक शेखर कपूर ने यह तुलना नहीं की होती अगर सिर्फ उन्होंने यह पता लगाने की जहमत उठाई होती कि बीबीसी कैसे कश्मीर का जिक्र करते समय सावधानी बरतता है या फिर उन्होंने उत्तरी आयरलैंड के इतिहास के बारे में थोड़ा शोध ही कर लिया होता।

सबसे पहले, बीबीसी कश्मीर को भारत प्रशासित कश्मीर या भारतीय नियंत्रित कश्मीर के रूप में जिक्र करता है। इसी तरह, यह पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर या पाकिस्तान नियंत्रित कश्मीर है। कश्मीर के संबंध में बीबीसी के दिशा-निर्देशों के लिए निम्नलिखित लिंक देखें: https://www.bbc.co.uk/academy/en/articles/art20130702112133577

केवल भारत और पाकिस्तान तथा इन देशों के मीडिया एक-दूसरे के क्षेत्र में स्थित कश्मीर के हिस्से के लिए “अधिकृत” शब्द का प्रयोग करते हैं। बीबीसी के एक वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक, चैनल ने हमेशा इस बात पर ध्यान दिया है कि कश्मीर का जिक्र करते समय अपने स्टाइल-गाइड के साथ खड़ा रहे, क्योंकि यह मुद्दा बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा, “हम यह न भूलें कि इंग्लैंड में भारतीय और पाकिस्तानी दोनों रहते हैं और गलत शब्दावली का इस्तेमाल करके कोई विरोध खड़ा नहीं करना चाहते हैं।” इसलिए, अब जबकि भाषा का मामला सुलझ गया है, तो थोड़ बहुत उत्तरी आयरलैंड के बारे में भी जान लेना चाहिए।

गवर्नमेंट ऑफ आयरलैंड ऐक्ट-1920 के द्वारा आयरलैंड का विभाजन उत्तरी आयरलैंड और दक्षिणी आयरलैंड के रूप में किया गया। इस तरह 1921 में उत्तरी आयरलैंड अस्तित्व में आया। इसका कारण मुख्यरूप से धार्मिक था, क्योंकि जिन छह काउंटी को मिलाकर उत्तरी आयरलैंड बना था, उसमें यूके की तरह ही प्रोटेस्टेंट हावी थे। जबकि कैथोलिक अल्पसंख्यक थे और ब्रिटिश शासन से मुक्त यूनाइटेड आयरलैंड चाहते थे। दक्षिणी आयरलैंड (अब रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड) पहले भी कैथोलिक बहुल था और अब भी कैथोलिक बहुल देश है।

आयरलैंड आज एक गणतंत्र है, जो कि ब्रिटिश नियंत्रण से मुक्त है। जबकि इंग्लैंड, वेल्स और स्कॉटलैंड (जो मिलकर ग्रेट ब्रिटेन बनाते हैं) और उत्तरी आयरलैंड, वे चार देश हैं जो मिलकर यूनाइटेड किंगडम बनाते हैं। हालांकि, उत्तरी आयरलैंड के कैथोलिकों ने ब्रिटिश शासन से आजादी के लिए लड़ाई जारी रखी और आयरिश रिपब्लिकन आर्मी (आईआरए) ने उनके सशस्त्र संघर्ष की अगुआई की। तीन दशकों के इस संघर्ष में 2000 से अधिक जानें गईं। संघर्ष की चरम स्थिति में भी उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट के कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट एन्क्लेव को अलग करने वाली 100 से अधिक शांति दीवारें थीं। आज वे खूबसूरत भित्ति चित्रों के लिए लिहाज से महज एक पर्यटक स्थल हैं।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर द्वारा हस्ताक्षरित 1998 के गुड फ्राइडे समझौते के साथ ही आईआरए और ब्रिटिश सरकार के बीच ‘युद्ध’ समाप्त हो गया। अमेरिका में मजबूत आयरिश लॉबी के दबाव में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने भी इस समझौते का समर्थन किया था।

इसलिए, वास्तव में उत्तरी आयरलैंड दो भागों में विभाजित नहीं है। जबकि कश्मीर भारत और पाकिस्तान के बीच बंटा है। हालांकि, भरतीय कश्मीर का क्षेत्रफल बड़ा है और इसकी अपनी राज्य विधानसभा है। आयरलैंड और उत्तरी आयरलैंड के बीच का विभाजन विवादित भी नहीं है। फुटबॉल को छोड़कर कई खेलों में आयरलैंड एक ही टीम भेजती है, जो उत्तरी आयरलैंड का भी प्रतिनिधित्व करती है। हालांकि, उत्तरी आयरलैंड राष्ट्रमंडल खेलों में अलग से प्रतिस्पर्धा करता है और उत्तरी आयरलैंड के एथलीट ओलंपिक खेलों में ग्रेट ब्रिटेन या आयरलैंड के लिए प्रतिस्पर्धा करने के लिए स्वतंत्र हैं। क्रिकेट में इंग्लैंड एकदिवसीय टीम के मौजूदा कप्तान इयॉन मोर्गन इंग्लैंड की तरफ से खेलने से पहले आयरलैंड के लिए खेले थे।

इसलिए शेखर कपूर द्वारा कश्मीर की उत्तरी आयरलैंड से तुलना करना ऐतिहासिक रूप से सही नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shekhar Kapoor, Northern Ireland, Kashmir, BBC, Article 370, बीबीसी, उत्तरी आयरलैंड, कश्मीर, शेखर कपूर, अनुच्छेद 370
OUTLOOK 12 August, 2019
Advertisement