Advertisement
28 April 2016

हाजी अली के दर तक नहीं पहुंच पाईं तृप्ति

पीटीआइ

देसाई अपनी साथी कार्यकर्ताओं के साथ दक्षिण मुंबई में वर्ली तट से दूर एक टापू पर स्थित दरगाह के मुख्य मार्ग तक गईं और कुछ मिनट के बाद वहां से चली गईं। उन्होंने वहां मौजूद अपने विरोधियों से टकराव की कोशिश नहीं की। उन्हें रोकने के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा थे।

दरगाह जाने से पहले उन्होंने मीडिया से कहा कि वह दरगाह के मजार तक जाने के महिलाओं के अधिकार पर बल देने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अगुवाई कर रही हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी किसी की धार्मिक भावना आहत करने की मंशा नहीं है, लेकिन वह बस यह पक्का करने की कोशिश कर रही हैं कि महिलाओं को सभी उपासना स्थलों पर उपासना का बराबर हक दिया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस लैंगिक समानता अभियान के लिए शाहरूख खान, सलमान खान और आमिर खान जैसी बॉलीवुड हस्तियों का समर्थन हासिल करने के लिए पत्र लिखा है।

देसाई के अभियानकर्ताओं और विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने पूरे क्षेत्र में बैरीकेड लगा रखे थे। प्रदर्शनकारियों में एआईएमआईएम और समाजवादी पार्टी के लोग भी थे। तृप्ति ने हाल में अहमदनगर जिला स्थित शनि शिंगणापुर और नासिक के त्रयंबकेश्वर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के लिए सफल अभियान चलाया।

Advertisement

इससे पहले एआईएमआईएम के एक स्थानीय नेता ने कहा कि वह और उनके समर्थक देसाई को दरगाह की मजार तक नहीं जाने देंगे और यदि वह ऐसा करेंगी तो वे लोग उनके चेहरे पर काली स्याही पोत देंगे। शिवसेना के स्थानीय नेता हाजी अराफात शेख ने देसाई पर राजनीति करने का आरोप लगाया। इस बीच राज्य के राजस्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने पीटीआई भाषा से कहा कि सरकार उच्च न्यायालय के इस फैसले का सम्मान करेगी कि उपासना स्थलों पर महिलाओं के विरूद्ध भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। इस साल फरवरी में महाराष्ट्र सरकार ने हाजी अली दरगाह के अंदर महिलाओं के प्रवेश का समर्थन किया था।

राज्य सरकार ने तब बम्बई उच्च न्यायालय को बताया था कि या तो दरगाह बोर्ड यह साबित करे कि यह प्रतिबंध कुरान के संदर्भ में उनकी धार्मिक मान्यता का हिस्सा है अन्यथा महिलाओं को हाजी अली दरगाह के अंदर प्रवेश की इजाजत मिलनी चाहिए। दरगाह बोर्ड ने कहा था कि दरगाह में औलिया की मजार है और इस्लाम में महिलाओं के लिए औलिया को छूना गुनाह है इसलिए महिलाओं का मकबरे को छूना भी वर्जित है।

TAGS: तृप्ति देसाई, हाजी अली, दरगाह, महिलाओं का प्रवेश, महाराष्ट्र, बंबई उच्च न्यायालय, कुरान
OUTLOOK 28 April, 2016
Advertisement