Advertisement
16 October 2022

जे पी नड्डा का केजरीवाल पर हमला, बताया 'आप' को कांग्रेस से बड़ा भ्रष्टाचारी

जे पी नड्डा का केजरीवाल पर हमला, बताया 'आप' को कांग्रेस से बड़ा भ्रष्टाचारी

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को आरोप लगाया कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार घोटालों का पर्याय बन गई है और उसने कांग्रेस द्वारा बनाए गए भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एमसीडी चुनाव में और उसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप को "पराजित" करेगी।

नड्डा ने दिल्ली नगर निगम से पहले यहां रामलीला मैदान में आयोजित 'पंच परमेश्वर सम्मेलन' में कहा, "आप घोटालों की पार्टी बन गई है। इसने कांग्रेस द्वारा बनाए गए भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसे जाने की जरूरत है।" बता दें कि (एमसीडी) चुनाव दिसंबर में होने की संभावना है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने दिल्ली में स्वच्छ सरकार देने का वादा किया था, लेकिन उसने आबकारी विभाग में, डीटीसी बसों की खरीद में, शौचालयों के निर्माण में और दिल्ली जल बोर्ड में घोटाले किए हैं।

उन्होंने कहा, "उनके पांच विधायक जमानत पर बाहर हैं।"
नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वह दिल्ली में शराबबंदी लागू करेंगे, लेकिन दिल्ली में आप की सरकार बनने के बाद उन्होंने हर मोहल्ले में शराब की दुकानें खोल दीं।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, "भाजपा एमसीडी चुनावों में और उसके बाद विधानसभा चुनाव में आप को हरा देगी। दिल्ली के लोगों को आप के भ्रष्टाचार के बारे में बताएं।"

TAGS: JP Nadda, Arvind Kejriwal, AAP, congress, BJP
OUTLOOK 16 October, 2022
Advertisement