Advertisement
02 May 2025

कर्नाटक: मंत्री शिवानंद पाटिल ने विधायक पद छोड़ा, यतनाल की चुनौती स्वीकार की

कर्नाटक सरकार में मंत्री शिवानंद पाटिल ने शुक्रवार को बसवाना बागेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर को सौंप दिया।

उन्होंने कहा कि वह विजयपुरा शहर के विधायक बसंगौड़ा पाटिल यतनाल की चुनौती स्वीकार करने के बाद विधायक के रूप में इस्तीफा दे रहे हैं।

यतनाल ने पाटिल को उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी।

कपड़ा, गन्ना विकास एवं कृषि विपणन विभाग संभाल रहे पाटिल ने हालांकि विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि उनका इस्तीफा तभी स्वीकार किया जाए, जब यतनाल का इस्तीफा भी मंजूर कर लिया जाए।

पाटिल ने अपने इस्तीफे में कहा कि यतनाल ने उन्हें चुनौती दी थी कि वह विजयपुरा सिटी विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद से इस्तीफा देकर उनके खिलाफ बसवाना बागेवाड़ी क्षेत्र से चुनाव लड़ें।

Advertisement

पाटिल ने कहा, “मैंने उनकी (यतनाल की) चुनौती स्वीकार कर ली और चुनाव में उनके खिलाफ लड़ने का फैसला किया है।”

उन्होंने कहा, “इसलिए, मैं बसवाना बागेवाड़ी से विधायक पद से इस्तीफा दे रहा हूं, जिसका मैं प्रतिनिधित्व कर रहा हूं।”

पाटिल ने कहा, “इसलिए, मैं आपसे (अध्यक्ष से) अनुरोध करता हूं कि मेरा इस्तीफा तभी स्वीकार करें जब चुनौती के अनुसार बसंगौड़ा पाटिल यतनाल अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दें और उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाए।”

यतनाल ने 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के रूप में विजयपुरा शहर क्षेत्र से जीत हासिल की थी।

भाजपा ने हाल ही में यतनाल को बार-बार अनुशासन का उल्लंघन करने के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था।

अध्यक्ष खादर ने कहा कि पाटिल के इस्तीफे की जांच की जाएगी और संविधान व नियमों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

खादर ने कहा, “उन्होंने (पाटिल) यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया था कि यह उनके आत्म सम्मान का सवाल है, क्योंकि उन्हें चुनौती दी गई थी। देखते हैं क्या होता है।”

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shivanand Patil, Karnataka, Yatnal challenge, Karnataka politics, Agricultural Marketing Department
OUTLOOK 02 May, 2025
Advertisement