Advertisement
06 December 2022

लखीमपुर खीरी हिंसा: आशीष मिश्रा, 13 अन्य के खिलाफ आरोप तय

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में अक्टूबर 2021 में हुई हिंसा के सिलसिले में यहां की एक अदालत ने मंगलवार को आशीष मिश्रा और 13 अन्य के खिलाफ आरोप तय किए।
इस मामले में मुख्य आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा का बेटा आशीष मिश्रा मोनू है।

जिला सरकारी वकील (आपराधिक) अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि अतिरिक्त जिला न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा की अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख 16 दिसंबर तय की है।

त्रिपाठी ने बताया कि जिन अभियुक्तों पर आरोप तय हुए उनमें आशीष मिश्रा के साथ-साथ अंकित दास, नंदन सिंह बिष्ट, लतीफ काले, सत्यम उर्फ सत्य प्रकाश त्रिपाठी, शेखर भारती, सुमित जायसवाल, आशीष पांडे, लवकुश राणा, शिशुपाल, उल्लास कुमार उर्फ मोहित त्रिवेदी, रिंकू राणा, वीरेंद्र शुक्ला और धर्मेंद्र बंजारा शामिल हैं।

Advertisement

उन्होंने बताया कि वीरेंद्र शुक्ला पर भारतीय दंड विधान की धारा 201 के तहत आरोप तय किया गया है। बाकी अभियुक्तों पर इन पर भारतीय दंड विधान की धारा 147, 148, 149, 302, 307, 326, 427 और 120 (ख) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के तहत आरोप तय किए गए।

त्रिपाठी ने बताया कि इसके अलावा आशीष मिश्रा, अंकित दास, नंदन सिंह बिष्ट, सत्य प्रकाश त्रिपाठी, लतीफ काले और सुमित जायसवाल के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी आरोप तय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अदालत ने अभियोजन पक्ष से आगामी 16 दिसंबर को न्यायालय में सबूत पेश करने को कहा है।

गौरतलब है कि तीन अक्टूबर 2021 को निघासन क्षेत्र के तिकोनिया गांव में किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टिनी के बेटे आशीष मिश्रा को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है।

TAGS: Lakhimpur, Lakhimpur case, tikonia, Toni mishra, Ashish mishra
OUTLOOK 06 December, 2022
Advertisement