24 April 2025
नीतीश कुमार ने पहलगाम हमले पर कहा: पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की बृहस्पतिवार को निंदा की और इस बात पर जोर दिया कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है।
उन्होंने कहा, ‘‘पहलगाम में हुए हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह एक जघन्य कृत्य था। हम सभी इसकी निंदा करते हैं। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है।’’
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पूर्व में विपक्ष के साथ हाथ मिलाकर ‘‘गलती’’ की हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा राजग के साथ रहूंगा। मैं पूर्व में ‘इधर उधर’ जाता रहा। लेकिन अब, मैं राजग के साथ हूं और हमेशा गठबंधन के साथ रहूंगा।’’
कुमार ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से चार मई को पटना में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ का उद्घाटन करने का अनुरोध किया है।
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत संतोष की बात है कि इस प्रमुख कार्यक्रम का आयोजन बिहार में हो रहा है।’’