Advertisement
13 December 2023

संसद सुरक्षा चूक: सागर के परिजन हैरान, बोले- विरोध प्रदर्शन में भाग लेने गया था दिल्ली

लोकसभा में बुधवार को दर्शक दीर्घा से छलांग लगाने वालों में से एक सागर शर्मा लखनऊ का रहने वाला है और उसके परिजनों का कहना है कि वह कुछ दिन पहले ‘दिल्ली में विरोध प्रदर्शन’ में भाग लेने के लिए घर से निकला था, हालांकि, संसद में हुई घटना में उसकी संलिप्तता के इरादे के बारे में कुछ भी नहीं जानते थे।

सागर सहित दो व्यक्ति शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए। उन्होंने पीले रंग का धुंआ छोड़ा और सांसदों द्वारा पकड़े जाने से पहले नारे लगाए। दोनों प्रदर्शनकारी अब दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।

राजधानी के मानक नगर थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके का रहने वाले सागर की मां रानी शर्मा इस घटना से हैरान नजर आ रही है। रानी ने कहा, ‘‘वह (सागर) दो दिन पहले घर से निकला था। उसने कहा था कि वह कुछ काम के लिए दोस्तों के साथ दिल्ली जा रहा है। मैंने उससे पिछले दिन आखिरी बार फोन पर बात की थी।"

Advertisement

मानक नगर के थानाध्यक्ष शिव मंगल सिंह ने कहा, "हमने सागर के पिता को उनके बेटे के बारे में पूछने के लिए बुलाया है।" पुलिस के मुताबिक सागर का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का रहने वाला है। पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि सागर हाल ही में बेंगलुरु से लखनऊ लौटा था।

सागर की नाबालिग बहन पायल शर्मा ने कहा, "मैंने अपने भाई को अपनी मां से यह कहते हुए सुना कि वह कुछ दिन पहले एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहा है।" पायल ने कहा, "मेरा भाई ई-रिक्शा चलाता था। वह पहले बेंगलुरु में काम करता था।"

सागर के मामा प्रदीप शर्मा ने मामले से अनभिज्ञता जताते हुए कहा, ”मुझे कुछ नहीं पता। इससे पहले ऐसा कभी कुछ हुआ नहीं। कोई कुछ बता नहीं सकता।”

मानक नगर के थानाध्यक्ष शिव मंगल सिंह ने कहा, "सागर शर्मा (28) अपनी बहन और माता-पिता के साथ रामनगर इलाके में किराए के मकान में रहता है। उसके पिता रोशन लाल बढ़ई का काम करते हैं और सागर स्वयं ई-रिक्शा चलाता है। परिवार एक दशक से अधिक समय से किराए के मकान में ही रह रहा है।”

उन्होंने कहा, "परिवार के सदस्यों ने लोकसभा घटना में उसकी संलिप्तता के बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार किया है। हम इस समय परिवार के सदस्यों से प्रारंभिक जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के अनुसार जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।"

स्थानीय पुलिस टीमों को सागर के आवास पर उसके परिवार के सदस्यों से बात करते देखा गया। घटना में सागर की संलिप्तता के बारे में सुनकर बुधवार शाम उसके पड़ोसियों और पत्रकारों का उसके घर पर जमावड़ा लग गया। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए घर के पास स्थानीय पुलिस इकाई तैनात की गई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Parliament security lapse, Parliament security breach, Parliament, parliament security breach latest news, Sagar, Indian parliament, Loksabha, Narendra Modi
OUTLOOK 13 December, 2023
Advertisement