विधानसभा चुनाव नतीजे: पंजाब में अब 'आप' की सत्ता, 59 सीटों पर जीत, 15 पर बढ़त
पांच राज्यों में उत्तर प्रदेश के बाद पूरे देश की निगाहें पंजाब पर हैं। मतगणना जारी है। पंजाब चुनाव परिणामों के रुझान आने भी शुरू हो गए हैं। शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही धुरी से 'आप' के भगवंत सिंह मान ने बंपर जीत हासिल की है। मान ने बीजेपी के दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के अंतर से हराया है।
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में इस बार धुरी सीट की खूब चर्चा भी रही। यह सीट चर्चा में तब आई जब यहां से भगवंत मान को आम आदमी पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा। भगवंत मान आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा भी हैं। भगवंत मान का मुकाबला कांग्रेस पार्टी के दलवीर सिंह गोल्डी से था। शिरोमणि अकाली दल ने यहां प्रकाश चंद गर्ग को सियासी रण में उतारा। भगवंत मान ने बीजेपी प्रत्याशी को हराकर धुरी सीट जीत ली।
चुनाव नतीजे लाइव
6.00- चुनाव आयोग द्वारा अब तक घोषित चुनाव परिणामों के अनुसार, आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 77 सीटों पर जीत हासिल की और 15 सीटों पर आगे चल रही है।
5.46- पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौर (37,558 वोटों से) और चमकौर साहिब (7942 वोटों से) चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के अनुसार हार गए हैं।
2.24- अमृतसर पूर्व से शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया 14,408 मतों के अंतर से हार गए।
2.00- धुरी से आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान 58,206 मतों के अंतर से जीते।
1.45- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व से 6,750 मतों के अंतर से हार गए हैं।
1.00- पटियाला सीट से आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह कोहली आगे चल रहे हैं; पंजाब लोक कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह पीछे हैं।
12.50- कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर लिखा, "मैं पूरी विनम्रता के साथ लोगों के फैसले को स्वीकार करता हूं। पंजाबियों ने सांप्रदाय और जातिगत रेखाओं से ऊपर उठकर मतदान करके पंजाबियत की सच्ची भावना दिखाई है।"
12.45- चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ विधानसभा में 22,843 वोटों से और चमकौर साहिब विधानसभा में 2671 वोटों से पीछे चल रहे हैं।
12.40- पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर लिखा, "जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है...पंजाब की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करें...आम आदमी पार्टी को बधाई!!!"
11.30- जलालाबाद सीट से शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल 10,526 मतों के अंतर से पीछे चल रहे हैं।
11.20- पटियाला सीट से आम आदमी पार्टी के अजीत पाल सिंह कोहली आगे चल रहे हैं; पंजाब लोक कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह पीछे हैं।
11.00- चुनाव आयोग के अनुसार पंजाब में आम आदमी पार्टी-89 और शिरोमणि अकाली दल-7, कांग्रेस-13 और 8 सीट पर अन्य आगे चल रहे हैं।
9.50- पंजाब: संगरूर में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान के आवास के बाहर लोग जश्न मनाते हुए। शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बहुमत का आंकड़ा पार किया है।
9.49- शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बहुमत का आंकड़ा पार किया; मुख्यमंत्री चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धू पीछे चल रहे हैं।
9.44- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-75 और शिरोमणि अकाली दल-7, कांग्रेस-13 और 5 सीट पर अन्य आगे चल रहे हैं।
9.40- पंजाब: चुनाव आयोग के अनुसार अमृतसर पूर्व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से नवजोत सिंह सिद्धू दूसरे स्थान पर हैं, शिरोमणी आकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया तीसरे स्थान पर हैं।
9.38- पंजाब लोक कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला विधानसभा क्षेत्र से पीछे चल रहे हैं।
9.32- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-64 और शिरोमणि अकाली दल-5, कांग्रेस-8 और 4 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
9.29- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-39 और शिरोमणि अकाली दल-5, कांग्रेस-5 और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
9.18- चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी-27 और शिरोमणि अकाली दल-4, कांग्रेस-3 और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
पंजाब में विधानसभा के 117 सदस्यों को चुनने के लिए डाले गए मतों की गिनती जारी है। राज्य में इस बार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है, जबकि कांग्रेस बहुकोणीय मुकाबले में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है। विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान हुआ था।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी एस करुणा राजू ने बुधवार को बताया कि गुरुवार को सुबह आठ बजे से 66 स्थानों पर बने 117 केन्द्रों पर मतगणना शुरू होगी। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था। 2017 पंजाब विधानसभा चुनाव में 77.40 प्रतिशत, 2012 में 78.20 प्रतिशत और 2007 में 75.45 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2002 में केवल 65.14 प्रतिशत मतदान हुआ था।
कई ‘एग्जिट पोल’ में कांग्रेस के लगातार दूसरी बार सरकार बनाने में नाकाम रहने का अनुमान जताया गया है, जबकि कांग्रेस की पंजाब इकाई के नेता पार्टी की जीत के दावे कर रहे हैं। ‘आप’ के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख भगवंत मान ने भी उनकी पार्टी के राज्य में अगली सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त किया है।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर बादल ने उनकी पार्टी के 80 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया है। शिअद ने इस बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार पहले से बेहतर प्रदर्शन करने का दावा किया है। पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और भाजपा के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही।
चुनाव में ‘आप’ ने खुद को परिवर्तन लाने वाली पार्टी के तौर पर पेश किया है और अपने प्रचार अभियान के दौरान भी लोगों से ‘‘बदलाव’’ के नाम पर ही वोट मांगे, साथ ही राज्य को ‘‘लूटने’’ के लिए पारंपरिक राजनीतिक दलों को निशाना बनाया। ‘आप’ ने मतदाताओं के हर भ्रम को दूर करने के लिए अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की भी घोषणा कर दी। राज्य में 1986 से कभी शिअद, तो कभी कांग्रेस की सरकार ही बनी है।
कांग्रेस के लिए इस बार काफी कुछ दांव पर लगा है, क्योंकि उसे पंजाब से जीत की उम्मीद अधिक है जहां वह खुद को सत्ता में बरकार रखने की पूरी कोशिश कर रही है। उसने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को ही मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित किया और उनके जरिए अनुसूचित जाति के वोट हासिल करने की उम्मीद भी की। पंजाब की लगभग 32 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति से नाता रखती है।
सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए मतदाताओं को लुभाने के लिए मुफ्त में कई सेवाएं देने और रियायतों का वादा किया है।
गौरतलब है कि 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में, कांग्रेस ने 117 में से 77 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर शिअद-भाजपा गठबंधन के दस साल के शासन को समाप्त किया था। चुनाव में आप को 20 सीट, शिअद-भाजपा गठबंधन को 18 सीट और लोक इंसाफ पार्टी को दो सीट पर जीत मिली थी।