Advertisement
12 November 2021

कांग्रेस नेता खेहरा मोहाली कोर्ट में पेश,अमेरिका से लाए एक लाख डॉलर आम आदमी पार्टी को दिए

FILE PHOTO

चंडीगढ़,कांग्रेस नेता पूर्व विधायक सुखपाल खैहरा को शुक्रवार को मोहाली की कोर्ट में पेश किया गया है। गुरुवार को ईडी ने उन्हें पूछताछ के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर 18 से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के लिए ईडी ने कोर्ट से खेहरा का 14 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट ने एक दिन का ही दिया। शुक्रवार को कोर्ट में सुनवाई के लिए पिता के मामले की पैरवी करते हुए खैहरा के बेटे महताब खैहरा ने कहा कि उनके पिता पर फॉरेन फंडिंग का आरोप है। मेहताब ने कहा कि उनके पिता सुखपाल खैहरा अरविंद केजरीवाल के कहने पर अमेरिका गए थे और वहां से लाए एक लाख डॉलर उन्होंने पार्टी फंड में जमा कराए हैं। उनके पास इसका सबूत है।

इस बीच चर्चा है कि खैहरा को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा। खैहरा के खिलाफ सामान्य रिमांड होगा या ट्रांजिट, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। सुखपाल खैहरा के फाजिल्का ड्रग रैकेट से तार जुड़ने की बात भी कही जा रही है। हालांकि खैहरा इसे सियासी साजिश करार दे रहे हैं। उनका कहना है कि किसानों के हक में बोलने की वजह से केंद्र की भाजपा सरकार उन्हें फंसा रही है। मार्च 2015 में फाजिल्का पुलिस ने बॉर्डर से हेरोइन तस्करी का रैकेट पकड़ा था। जिसके सरगना गुरदेव सिंह को पकड़कर उसकी कॉल डिटेल्स खंगाली गई। जिससे पता चला कि सुखपाल खैहरा की 11 महीने में 78 बार गुरदेव से फोन पर बात हुई थी। ईडी  ने पंजाब पुलिस की इसी एफआईआर के जरिए खैहरा के खिलाफ इस केस में मनी लॉन्ड्रिंग के लिहाज से जांच शुरू की थी।
सुखपाल खैहरा के खिलाफ 2017 में चुनाव से पहले अमेरिका से पार्टी फंड के लिए 1.19 लाख डॉलर जुटाने का भी आरोप है। खैहरा इसका हिसाब नहीं दे सके थे, क्योंकि उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी की स्पांसर्ड विजिट बताया था। इसके बाद मार्च महीने में उनके घर पर ईडी की छापेमारी हुई थी।
भुलत्थ से आम आदमी पार्टी के विधायक बनने पर आप की ओर से  उन्हें विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया गया। विवादों के चलते उन्हें इस पद से हटा दिया गया। 2019 में उन्होंने पंजाब एकता पार्टी बनाई। जून महीने में कांग्रेस छोड़ने के 6 साल बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उन्हें दोबारा कांग्रेस में शामिल कराया। तीन  महीने पहले ही उनका विधायक पद से इस्तीफा मंजूर हुआ

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, Khehra, Mohali court, Aam Aadmi Party, सुखपाल खैहरा, पूर्व विधायक
OUTLOOK 12 November, 2021
Advertisement