Advertisement
16 January 2024

हरियाणा में ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’, भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव को भी दे रहे धार

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार की ‘‘विफलताओं’’ को उजागर करने और कांग्रेस की ‘जन-समर्थक’ नीतियों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए जींद जिले से ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान की शुरुआत की।

दरअसल, हरियाणा में कांग्रेस लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव को फतह करने में जुट गई है। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के जरिए राहुल गांधी मिशन-2024 में जीत हासिल करने में जुट गए हैं तो हरियाणा में इस अभियान की शुरुआत के साथ कांग्रेस भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में मनोहर लाल खट्टर सरकार खिलाफ सड़क पर उतर गई है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने हरियाणा में लगभग 10 साल पूरे कर लिए हैं और अब समय आ गया है कि इसके प्रदर्शन और उपलब्धियों की तुलना पिछली कांग्रेस सरकार के साथ की जाये। उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा-जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन पर ‘जनता की चिंताओं को नजरअंदाज कर सत्ता का आनंद लेने’ का आरोप लगाया।

Advertisement

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने दावा किया, ”प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, कानून व्यवस्था और रोजगार के मामले में देश में नंबर एक राज्य था। आज यह बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और नशे के मामले में नंबर एक बन गया है।”

बता दें कि आगामी दिनों में लोकसभा चुनाव होने हैं और साल के आखिर में यहां पर विधानसभा भी चुनाव है, लेकिन माना जा रहा है कि बीजेपी लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव भी करा सकती है। इसी सियासी संभावना को देखते हुए कांग्रेस ने अभी से अपने चुनावी अभियान को धार देना शुरू कर दिया है, लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। एक तरफ कांग्रेस घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान शुरू कर रही है तो दूसरी तरफ बूथ मैनेजमेंट का भी काम शुरू कर दिया है।

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ghar Ghar Congress-Har Ghar Congress, Haryana, former CM bhupendra Singh Hooda, Lok Sabha Election, Assembly elections.
OUTLOOK 16 January, 2024
Advertisement