Advertisement
11 March 2022

कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद सीएम चन्नी ने सौंपा इस्तीफा, बोले- जनता की सेवा के लिए हमेशा रहूंगा तत्पर

ट्विटर

पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने नई सरकार से पिछली योजनाओं को जारी रखने का अनुरोध किया। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि वह जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं।

पंजाब के गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित को इस्तीफा सौंपने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, 'मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को दे दिया है। उन्होंने मुझे और कैबिनेट को नई सरकार के शपथ ग्रहण तक बने रहने के लिए कहा है। मैं लोगों के जनादेश को स्वीकार करता हूं।'

चन्नी ने आगे कहा, 'हम हमेशा पंजाब की जनता की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। हम अपना कर्तव्य निभाते रहेंगे और जनता के बीच रहेंगे। मैं नई सरकार से पिछले 111 दिनों में जन कल्याणकारी परियोजनाओं और योजनाओं को जारी रखने का अनुरोध करता हूं।'

Advertisement

बता दें कि कांग्रेस को पंजाब विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त मिली है। आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें जीती जबकि कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गयी।

गौरतलब है कि भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह तक वह कार्यकारी सीएम के तौर पर काम करते रहेंगे। गवर्नर बीएल पुरोहित ने उन्हें नई सरकार के आने तक काम करने को कहा है। बता दें कि चरणजीत सिंह चन्नी ने दो विधानसभा सीटों पर दावेदारी की ताल ठोंकी थी लेकिन उन्हें दोनों ही सीटों पर हार मिली।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Punjab CM Charanjit singh Channi, submits, resignation, governor
OUTLOOK 11 March, 2022
Advertisement