Advertisement
24 May 2022

पंजाब: विजय सिंगला गिरफ्तार, मुख्यमंत्री भगवंत मान के बाद अब एसीबी ने लिया पूर्व मंत्री पर ऐक्शन

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से हटाए जाने के कुछ ही समय बाद पंजाब पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) एक्शन में आ गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर मामला दर्ज कर एसीबी ने विजय सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। सीएम मान ने सिंगला को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर डॉ. विजय सिंगला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा, “मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें कैबिनेट से हटा रहा हूं।” मान ने आगे दावा किया कि सिंगला ने गलत काम करना स्वीकार किया था।

Advertisement

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे कहा, ‘मेरे ध्यान में एक केस आया। इस केस में मेरी सरकार का मंत्री शामिल था। एक ठेके में मेरी सरकार का मंत्री 1 फीसदी कमीशन मांग रहा था। इस केस का सिर्फ मुझे पता था। इस केस को दबाया जा सकता था, लेकिन ऐसा करना पंजाब की जनता के साथ धोखा होता। इसलिए मैं उस मंत्री के खिलाफ एक्शन ले रहा हूं। तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। मंत्री का नाम विजय सिंगला है और उनके खिलाफ पुलिस को केस दर्ज करने का निर्देश दे दिया गया है।’ सीएम मान ने कहा, यह सुनिश्चित करने के लिए विजय सिंगला पर कार्रवाई की गई है कि अन्य मंत्री भ्रष्ट आचरण से मुक्त रहें।

बता दें कि करीब 10 वर्ष पहले विजय सिंगला ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। वह पेशे से डॉक्टर हैं और लम्बे समय से डेंटल क्लिनिक भी चला रहे हैं। हालिया पंजाब विधानसभा चुनाव में डॉ. विजय सिंगला ने मानसा से प्रसिद्ध गायक और कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला को 60,000 से अधिक वोटों से हराया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Punjab Minister Vijay Singla, arrested, corruption charges, Punjab CM Bhagwant Mann, removes, cabinet, corruption charges
OUTLOOK 24 May, 2022
Advertisement