Advertisement
21 November 2024

राहुल गांधी का सवाल, अडाणी घूम क्यों रहे हैं? कहा- उन्हें गिरफ्तार करने की जरूरत

राहुल गांधी का सवाल, अडाणी घूम क्यों रहे हैं? कहा- उन्हें गिरफ्तार करने की जरूरत

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ अमेरिकी अभियोजकों द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर बृहस्पतिवार को कहा कि यहां अदाणी को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि गौतम अदाणी की गिरफ्तारी नहीं होगी क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इनके साथ मिले हुए हैं।

राहुल गांधी ने कहा, "यह बहुत स्पष्ट हो गया है कि अदाणी ने अमेरिका और भारत दोनों देशों में कानूनों को तोड़ा। मुझे हैरानी है कि अदाणी खुले क्यों घूम रहे हैं, जबकि कई मामलों में मुख्यमंत्रियों तक को गिरफ्तार कर लिया गया।"

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अदाणी को संरक्षण दे रहे है और अदाणी के साथ अपराध में संलिप्त हैं।
Advertisement

राहुल गांधी ने कहा, "अदाणी को गिरफ्तार किया जाए, उनकी जांच और पूछताछ की जाए। इसमें जो लोग भी शामिल हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।"

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह दावा भी किया कि मामले की जांच होने पर आखिर में प्रधानमंत्री का नाम सामने आएगा।

उन्होंने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्ष संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन के लिए मांग जारी रखेगा।

अमेरिकी अभियोजकों ने अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देकर सोलर एनर्जी कॉन्ट्रैक्ट हासिल किए। इस कथित योजना के तहत 2020 से 2024 तक 25 करोड़ डॉलर (करीब 2236 करोड़ रुपये) की रिश्वत दी गई।

अदाणी पर आरोप हैं कि उन्होंने भारतीय उपमहाद्वीप में सौर परियोजनाओं के अनुबंध और वित्त पोषण हासिल करने लिए बड़े पैमाने पर रिश्वत दी और यह बात उन्होंने अमेरिकी निवेशकों से छिपाई। अदाणी के साथ जिन अन्य लोगों पर आरोप लगे हैं, उनमें उनके भतीजे और अडानी ग्रीन एनर्जी के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी और कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रहे विनीत जैन शामिल हैं।

 

TAGS: US allegations on Adani, Gautam Adani, BJP, Congress, Rahul gandhi
OUTLOOK 21 November, 2024
Advertisement