Advertisement
31 July 2025

राहुल गांधी का कर्नाटक दौरा, डीके शिवकुमार ने क्यों कहा- भाजपा को चिंता करने की जरूरी नहीं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कर्नाटक दौरे को लेकर राज्य के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने कहा है कि भाजपा को हमारे राजनीतिक एजेंडे की इतनी चिंता क्यों हो रही है? हमें उन्हें कोई जवाब देने की जरूरत नहीं है। हम केवल कर्नाटक की जनता के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यहां केवल राजनीतिक उद्देश्य से नहीं आ रहे हैं, बल्कि हमारा मकसद संविधान की रक्षा करना है। हम नहीं चाहते कि चुनाव आयोग राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा बने।

राहुल गांधी 4 अगस्त को कर्नाटक जाएंगे। वहां वे चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और राज्य की कई विधानसभा सीटों पर कथित धांधलियों को लेकर कार्रवाई की मांग करेंगे। इसको लेकर भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर हो गई है। भाजपा ने उनके इस निर्णय को हास्यास्पद बताया है और कहा कि अगर वाकई में धांधलियां हुई होतीं, तो कांग्रेस सत्ता में नहीं होती। भाजपा ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और राहुल गांधी से मतदाताओं को चुनाव आयोग के खिलाफ गुमराह करने के लिए माफी मांगने को कहा है।

चार अगस्त को कांग्रेस पार्टी ने कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं, हालांकि इनकी पूरी जानकारी अभी मीडिया को नहीं दी गई है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बताया कि राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच कथित तनातनी की खबरों के बीच राहुल गांधी का यह दौरा काफी अहम हो सकता है और यह पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर सकता है।

Advertisement

हाल ही में पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद की खबरें सुर्खियों में रही हैं। कहा जा रहा है कि पार्टी के भीतर दो गुट बन चुके हैं और यह टकराव कई बार खुलकर सामने भी आ चुका है। हालांकि, पार्टी आलाकमान के हस्तक्षेप के बाद मामला फिलहाल कुछ शांत होता दिख रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, Karnataka visit, DK Shivakumar, BJP, Congress event, Bengaluru Freedom Park, G Parameshwara, Siddaramaiah
OUTLOOK 31 July, 2025
Advertisement