Advertisement
26 April 2025

लंदन में पाक अधिकारी की शर्मनाक करतूत, अभिनंदन की तस्वीर दिखाकर गला काटने का किया इशारा

लंदन में पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन कर रहे भारतीयों के खिलाफ पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी की शर्मनाक हरकत ने दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। दरअसल, जम्मू- कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में लंदन में रहने वाले भारतीयों ने पाकिस्तानी दूतावास के सामने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। इसी बीच पाकिस्तानी डिफेंस अताशे ने दूतावास की बालकनी पर आए और भारतीयों की ओर देख कर गला काटने का इशारा किया। पाकिस्तानी अफसर के इस हरकत को किसी ने कैमरे में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस दौरान, पाकिस्तान दूतावास में तैनात सैन्य अधिकारी कर्नल तैमूर रहत ने प्रदर्शनकारियों को धमकाने की कोशिश की। एक वीडियो में उन्हें बालकनी से भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्थमान की तस्वीर लहराते हुए गला काटने का इशारा करते देखा गया। अभिनंदन 2019 में पाकिस्तानी सेना के कब्जे में थे, जब उनका विमान नियंत्रण रेखा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। बाद में उन्हें रिहा किया गया था। इस घटना ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से फैला रहा है। लोगों ने इसे "शर्मनाक" और "घृणित" बताया। कई लोगों ने कहा कि यह पाकिस्तानी अधिकारियों की गलत सोच दिखाता है। भारत के मंत्री मंजिंदर सिंह ने इसकी कड़ी निंदा की और पाकिस्तान को चेतावनी दी। वहीं पूर्व जम्मू-कश्मीर डीजीपी शेष पॉल वैद ने इसे "गलत मानसिकता" का नमूना बताया है।

Advertisement

प्रदर्शन के आयोजकों ने कहा कि दूतावास ने उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन का मजाक उड़ाया। वहां तेज संगीत बजाया गया और असंवेदनशील टिप्पणियां की गईं। इससे प्रदर्शनकारी और दुखी हुए, जो आतंकी हमले में मारे गए लोगों के लिए शोक मना रहे थे। यह घटना ऐसे समय में हुई जब भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव पहले से है। पाकिस्तानी सेना की ओर से बिना कारण गोलीबारी की खबरें भी आई हैं। भारत ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और कड़ा जवाब देने की बात कही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Pakistan High Commission, Abhinandan Varthaman, Threatening Gesture, India-Pakistan Tensions, Protest in London, Pakistani Official, Diplomatic Controversy, Pahalgam Terrorist Attack
OUTLOOK 26 April, 2025
Advertisement