Advertisement
07 June 2025

शिमला: सोनिया गांधी आईजीएमसी में भर्ती, रूटीन चेकअप के बाद हालत सामान्य

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को शनिवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोनिया गांधी, जो अपनी बेटी प्रियंका गांधी के साथ शिमला में निजी यात्रा पर थीं, को बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि सोनिया गांधी का रक्तचाप सामान्य से थोड़ा अधिक था, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने कहा, "उनका पूरा मेडिकल जांच किया गया है और वह स्थिर हैं। कुछ मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें रूटीन जांच के लिए अस्पताल लाया गया था।" हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 78 वर्षीय सोनिया गांधी शिमला के छराबड़ा में अपने निजी आवास पर ठहरी हुई थीं, जब दोपहर में उन्हें बेचैनी महसूस हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका एमआरआई सहित अन्य जांच की गई। जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वह अपने आवास पर लौट गई हैं।

Advertisement

इस बीच, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जो ऊना में दो दिवसीय दौरे पर थे, ने सोनिया गांधी की तबीयत की जानकारी मिलने पर अपनी यात्रा को बीच में ही रद्द कर शिमला के लिए रवाना हो गए। इसके साथ ही, हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल और मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना भी अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल प्रशासन ने सोनिया गांधी की सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी रविवार को अपनी निजी यात्रा समाप्त कर दिल्ली लौट सकती हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sonia Gandhi, IGMC Shimla, health checkup, Sonia admitted to hospital, blood pressure, Priyanka Gandhi, Chharabra residence, Himachal CM Sukhu
OUTLOOK 07 June, 2025
Advertisement