Advertisement
04 August 2015

ठाणे में इमारत ढहने से 11 लोगों की मौत, 7 घायल

ठाणे में इमारत ढहने से 11 लोगों की मौत, 7 घायल | PTI

मुंबई। ठाणे जिले में आज तड़के 50 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत के ढह जाने से 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ठाणे के डी-केबिन इलाके में स्थित कृष्णा निवास नामक इमारत के ढहने से सात लोग घायल भी हुए हैं। एक सप्ताह के अंदर महाराष्‍ट्र में इमारत ढहने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले कल्याण में 40 वर्ष पुरानी एक इमारत ढह जाने से नौ लोग मारे गए थे। 

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रhय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रभारी संतोष कदम ने बताया कि ठाणे शहर मे रेलवे स्‍टेशन के पास चार मंजिला इमारत कृष्णा निवास तड़के करीब ढाई बजे ढह गई। उस वक्त इमारत में मौजूद लोग सो रहे थे। हादसे के तुरंत बाद दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 50 कर्मी मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को बचाने का अभियान शुरू किया। मलबे से किसी तरह से कम से कम एक दर्जन लोगों को बाहर निकाला गया, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, भारी बारिश और अंधेरे के कारण बचाव कार्य में रूकावट भी आई।

अतिरिक्त निकाय आयुक्त सुनील चव्हाण के मुताबिक, इस इमारत को खरतनाक ढांचों की सूची में शामिल किया गया था। निकाय सूत्रों के अनुसार, इमारत में रहने वालों को इसे खाली करने को कहा गया था लेकिन उन्होंने निर्देश का पालन नहीं किया। सुबह से बचाव अभियान अभी भी जारी है। जिला कलेक्टर डाॅ. अश्विनी जोशी और मंत्राी एकनाथ शिंदे इस पर नजर रखे हुए हैं। घटनास्थल का दौरा करने के बाद शिंदे ने कहा, सरकार इलाके में जर्जर मकानों का सर्वे करेगी।

TAGS: महाराष्‍ट्र, मंबई, ठाणे, इमारत, हादसा, मौत
OUTLOOK 04 August, 2015
Advertisement