Advertisement
01 March 2016

जाट आंदोलनः सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने को लेकर 14 लोग गिरफ्तार

गूगल


जींद के पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवेल ने कहा, हमने जाट आंदोलन के दौरान उपद्रव करने और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने को लेकर 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि नौ व्यक्ति उचाना से, तीन जुलाना से और एक एक व्यक्ति सफीदों और सदर जींद से गिरफ्तार किए गए।

वैसे मुरथल के समीप जाट प्रदर्शनकारियों द्वारा कई महिलाओं से बलात्कार और छेड़छाड़ की कथित घटनाओं की जांच के लिए गठित तीन महिला अधिकारियों की टीम को कोई नयी शिकायत नहीं मिली है। इस टीम की अगुवा हरियाणा पुलिस की उपमहानिरीक्षक राजश्री सिंह ने कहा, आज हमें कोई शिकायत नहीं मिली। इससे पहले एक महिला सामने आयी थी और अपने देवर समेत सात लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला मुरथल महिला थाने में दर्ज कराया। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कहा, मामले की जांच चल रही है। इसी बीच हरियाणा सरकार ने उन 152 लोगों के लिए आज 3.44 करोड़ रूपए की अंतरिम सहायता जारी की जिनकी संपत्तियां आंदोलन के दौरान हिंसा एवं आगजनी की भेंट चढ़ गयी थीं।

TAGS: जाट आरक्षण, आंदोलन, उपद्रव, मुरथल
OUTLOOK 01 March, 2016
Advertisement