Advertisement
20 March 2015

जनता एक्सप्रेस पटरी से उतरी

पीटीआइ

यह घटना शुक्रवार को रायबरेली जिले के बछरावां रेलवे स्टेशन के निकट हुई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ जब ट्रेन चालक द्वारा आपातकालीन ब्रेक लगाए जाने से रेलगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए।

रेल विभाग ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांव वाले राहत और बचाव कार्यों में जुट गए। हादसे की वजह से लखनउ-वाराणसी खंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।

Advertisement

घायल यात्रियों को रायबरेली के जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। लखनउ और रायबरेली से राहत टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। बोगियों को अलग करने के लिए क्रेन लगाई गई हैं। अधिकारियों को मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

गंभीर रूप से घायलों को लखनउ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विग्यान संस्थान भेजा जा रहा है। केजीएमयू का ट्रामा सेंटर घायल यात्रियों के इलाज के लिए तैयार कर लिया गया है। डॉक्टरों की टीम को लेकर लखनउ से एंबुलेंस रवाना की गई हैं।

TAGS: जनता एक्सप्रेस, देहरादून, वाराणसी, रेलवे स्टेशन, रेल विभाग, अखिलेश यादव, लखनउ, रायबरेली
OUTLOOK 20 March, 2015
Advertisement