Advertisement
28 May 2019

झारखंड के सरायकेला में नक्सलियों ने किया IED ब्‍लास्‍ट, 15 जवान घायल

ANI

झारखंड के सरायकेला में मंगलवार सुबह हुए आईईडी ब्लास्ट में 15 जवान घायल हो गए। घायलों में सीआरपीएफ की 209 कोबरा यूनिट के 13 जवान और झारखंड पुलिस के 2 जवान शामिल हैं। ये जवान स्‍पेशल ऑपरेशन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सरायकेला में कुछई इलाके में धमाका हुआ और ये जवान उसकी चपेट में आ गए।

एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे राय सिंदरी पहाड़ पर नक्सलियों ने धमाका किया। ब्लास्ट के बाद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग भी की। घायल जवानों को सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई घटना

Advertisement

अधिकारियों के मुताबिक, सीआरपीएफ की विशेष टीम कोबरा और झारखंड जगुआर के जवान सुबह लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग (एलआरपी) से लौट रहे थे। इसी दौरान यह धमाका हुआ। फिलहाल, मौके पर भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। 

पिछले महीने गढ़चिरौली में हुए थे 15 जवान शहीद

नक्सलियों द्वारा आईईडी ब्लास्ट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 30 अप्रैल को हुए नक्सली हमले में पुलिस के 15 जवान शहीद हो गए थे। शहीद हुए जवान पुलिस की सी-60 फोर्स के कमांडो थे। इस फोर्स में 60 जवान होते हैं। इससे पहले इसी इलाके में नक्सलियों ने रोड निर्माण में लगे 30 वाहनों को आग लगा दी थी। नक्सली हमला कुरखेड़ा से छह किमी दूर कोरची मार्ग पर हुआ था। महाराष्ट्र पुलिस के जवान निजी बस से गढ़चिरौली की ओर जा रहे थे। यह इलाका महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर है।

इससे पहले छत्तीसगढ़ में नक्‍सलियों के आईईडी हमले में बीजेपी के विधायक भीमा मंडावी और पांच जवान शहीद हो गए थे। मंडावी दंतेवाड़ा क्षेत्र के विधायक थे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Eleven security personnel injured, IED blast, Jharkhand, Maoist firing.
OUTLOOK 28 May, 2019
Advertisement