Advertisement
18 April 2020

मुंबई में भारतीय नौसेना पर कोरोना का संकट, 21 जवान टेस्ट में पाए गए पॉजिटिव

FILE PHOTO

कोरोना वायरस के खिलाफ जारी लॉकडाउन पार्ट 2 का आज चौथा दिन है, बावजूद इसके कोरोना का कोहराम थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश का महाराष्ट्र राज्य कोरोना वायरस के कहर से सबसे ज्यादा प्रभावित है। भारतीय सेना के बाद अब भारतीय नौसेना पर कोरोना का संकट मंडराने लगा है। मुंबई में इंडियन नेवी के जवान भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई में एक नौसैनिक अड्डे पर नौसेना के 21 जवान कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी नौसेना कर्मियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें मुंबई के कोलाबा में स्थित नौसेना अस्पताल आईएनएचएस अश्विनी में भर्ती कराया गया है। इस बात की जानकारी नौसेना अधिकारियों ने दी।

7 अप्रैल को हुई पहले मामले की पुष्टि

समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार, नौसेना में कोविड-19 संक्रमण का यह पहला मामला है। 7 अप्रैल को आईएनएस आंग्रे बेस पर पहले मामले की पुष्टि हुई थी। इन संक्रमित जवानों के संपर्क में आने वाले अन्य सभी व्यक्तियों का भी टेस्ट किया गया है। नौसेना ने बयान में कहा, 'मुंबई में नौसेना परिसर के अंदर 21 सेवारत कर्मियों की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें मुंबई के तट पर खड़े आईएनएस आंगरे के 20 नाविक शामिल हैं। इनमें से बहुत से स्पर्शोंन्मुख हैं और ये सात अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मिले नाविक से संक्रमित हुए हैं।'

Advertisement

भारतीय सेना में 8 पॉजिटिव मामले

वहीं भारतीय सेना में अब तक आठ पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे ने शुक्रवार को कहा, 'पूरी भारतीय सेना में से केवल आठ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। आठ में से दो डॉक्टर और एक नर्सिंग असिस्टेंट हैं। चार लोगों पर इलाज का प्रभाव दिखाई दे रहा है।'

तैयार की गई हैं विशेष ट्रेनें

सेना के जो जवान किसी कोविड-19 पॉजिटिव के संपर्क में नहीं आए हैं, उन्हें वापस उनकी यूनिट में भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा, 'हमारे जो जवान किसी भी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में नहीं आए हैं उन्हें वापस यूनिट भेजा जाएगा। हमने पहले से ही बंगलूरू से जम्मू और बंगलूरू से गुवाहाटी के लिए दो विशेष ट्रेनों को तैयार किया हुआ है।'

भारतीय नौसेना के कर्मियों को ऐसे समय पर कोरोना हुआ है जब अमेरिकी नौसेना में इसके मामले बढ़ रहे हैं। भारतीय नौसेना अध्यक्ष एडमिरल करमबीर सिंह ने जोर देकर कहा कि यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि युद्धपोतों और पनडुब्बियों जैसी परिचालन संपत्तियां वायरस से मुक्त रहें और नौसेना हर समय तैयार रहें।

'हमें सबसे खराब स्थिति के लिए तैयार रहने की जरूरत

नौसेना कर्मियों के लिए 15 मिनट के वीडियो संदेश में नौसेना अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें अच्छी परिस्थितियों की उम्मीद करते हुए बदतर के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा, 'हमें सबसे खराब स्थिति के लिए तैयार रहने की जरूरत है, यह एक लंबी लड़ाई है।' सशस्त्र बलों ने अपनी रैंकों के अंदर कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए निवारक उपायों का सहारा ले रहे हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 20 Navy personnel, in Western Naval Command, test positive, coronavirus
OUTLOOK 18 April, 2020
Advertisement