Advertisement
23 March 2020

पंजाब में कोरोना के अब तक 21 मामले, लॉक डाउन के उल्लंघन के बाद लगाया कर्फ्यू

पंजाब में कोरोना के अब तक 21 मामले सामने आए, लगाया कर्फ्यू | FILE PHOTO

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच पंजाब में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छूट मिलेगी। राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यह आदेश दिया। इससे पहले पंजाब सरकार ने लॉक डाउन के आदेश दिए थे लेकिन लोगों ने इसका उल्लंघन किया जिस पर राज्य सरकार को कर्फ्यू लगाने का फैसला लेना पड़ा। जालंधर में लोगों को सुबह पार्कों में बैठा देखा गया तो कुछ हालात के जायजा लेने सड़कों पर घूमने निकले। बता दें कि पंजाब में अब तक कुल 21 मामले सामने आ चुके हैं।

रविवार को मिले सात पॉजिटिव मामले

पंजाब में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को नवांशहर में कोरोना के 7 मरीज पॉजिटिव मिले थे। यह सभी बलदेव सिंह के संपर्क में आए थे। नवांशहर के 72 वर्षीय बलदेव सिंह कुछ दिन पहले ही इटली से लाैटे थे जिनकी कोरोना के चलते मौत हो गई। उसने श्री आनंदपुर साहिब में होले-मोहल्ले और गांव पठलावा में हुए धार्मिक समारोह में भी शिरकत की थी। इसके साथ ही पंजाब में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 14 से बढ़कर 21 हो गई है।

Advertisement

अब तक देश में आठ की हो चुकी है मौत

देश भर में कोरोना वायरस के मामलों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, मरीजों की संख्या 415 के करीब पहुंच गई है। जिनमें से 374 मरीज भारतीय हैं जबकि 41 विदेशी नागरिक हैं। इसके कारण देश भर में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है और 24 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अकेले 24 घंटे में 50 से अधिक नए मरीज आए हैं और तीन मौतें हुई हैं।

TAGS: 21, cases, Corona, reported, Punjab, curfew, imposed
OUTLOOK 23 March, 2020
Advertisement