Advertisement
20 October 2019

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 28 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, हथियार डालने वालों में चार इनामी भी

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 28 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, हथियार डालने वालों में चार इनामी भी

छत्तीसगढ़ के नक्सलवादी समस्या से ग्रस्त जिले दंतेवाड़ा में 28 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें से चार नक्सलियों के सिर पर इनाम भी घोषित था। दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि नक्सलियों ने रायपुर से 340 किलोमीटर दूर कातेकल्याण क्षेत्र में स्थित नए कैंप चिकपाल में पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष हथियार डाले। पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों का आत्मसमर्पण करना महत्वपूर्ण घटना है।

इन चार इनामी नक्सलियों ने भी हथियार डाले

पल्लव ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में माओवादियों की प्लाटून नंबर 22 का सदस्य मंगलू मदकामी और कातेकल्याण के स्थानीय दस्ते का बामन कवासी भी शामिल था। इन दोनों पर दो-दो लाख रुपये इनाम था। दो अन्य नक्सली हांडा और महिला नक्सली पोदियामी गांगी ने भी सरेंडर किया। इन दोनों पर एक-एक लाख रुपये ईनाम था। पोदियामी नक्सली कल्चर संगठन चेतना नाट्य मंडल की स्वयंभू कमांडर थी। इसके अलावा 24 सामान्य नक्सली थे।

Advertisement

सरकार पुनर्वास के लिए मदद देगी

पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने माओवादी विचारधारा से मोहभंग होने के कारण आत्मसमर्पण किया है। वे अपने गृह क्षेत्र में सामान्य जीवन जीना चाहते हैं। इन सभी लोगों को प्रोत्साहन राशि के तौर पर 10-10 हजार रुपये दिए गए हैं। राज्य सरकार आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत उन्हें और भी मदद देगी।

TAGS: Naxals, Chhattisgarh, Dantewada, Maoists
OUTLOOK 20 October, 2019
Advertisement