Advertisement
07 October 2018

बिहार: छेड़छाड़ का विरोध करने पर स्कूल में घुसकर छात्राओं से मारपीट, 30 लड़कियां घायल

ANI

बिहार में सुपौल जिले में एक स्कूल में घुसकर छात्राओं के साथ मारपीट और हिंसा का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनचलों की पूरी भीड़ ने दिनदहाड़े स्कूल के अंदर घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। घायल छात्राओं का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

स्कूल के बाहर मनचले कर रहे थे अभद्र टिप्पणियां

यह मामला सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज के कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय का है, जहां शनिवार को मनचलों ने स्कूल में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। स्कूल के कैम्पस में ही कुछ छात्राएं खेल रही थीं, जिस दौरान बाहर से मनचले अभद्र टिप्पणियां करने लगे। लड़कियों ने टीचर्स से शिकायत की, जिन्होंने मनचलों को वहां से डांटकर भगा दिया। इसके कुछ देर बाद आरोपी अपने कई साथियों के साथ लौटे और स्कूल में घुसकर मारपीट करने लगे।

Advertisement

दीवारों पर लिखते थे अश्लील बातें

 दरभंगा जोनल आईजी ने कहा, 'स्कूल की लड़कियां प्लेग्राउंड में खेलती थीं और कुछ लड़के दीवारों पर अश्लील बातें लिख जाते थे। लड़कियां लिखे हुए को साफ कर देती थीं। यह सब पिछले 2-4 दिनों से चल रहा था। शनिवार को भी मोहन नाम के एक लड़के को ऐसा करने से मना किया तो वह अपनी मां और कुछ अन्य महिलाओं तथा लड़कों के साथ आकर मारपीट करने लगा। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 30 लड़कियों के साथ मारपीट की गई है।'

30 लड़कियां घायल, एफआईआर दर्ज

इस घटना में 30 लड़कियां घायल हुई हैं, सभी घायल लड़कियों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रिपोर्ट्स आने के बाद स्कूल के खिलाफ ऐक्शन लिया जाएगा। त्रिवेणीगंज के एएसपी ने कहा, 'कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। अगर घटना में उनकी भागीदारी मिलेंगी तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार पुलिस स्टेशनों के एसएचओ की टीम गठित कर दी गई है।' हमने हॉस्पिटल में भी भर्ती लड़कियों का हालचाल लिया, वहां पता चला कि सभी घायलों की हालत अभी स्थिर है।

तेजस्वी ने साधा नीतीश कुमार पर निशाना

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। विपक्षी पार्टी आरजेडी के नेता तथा पूर्व सीएम तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना भी साधा है। उन्होंने ट्विटर के जरिए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'बिहार में सुपौल के त्रिवेणीगंज के कस्तूरबा गांधी गर्ल्स स्कूल में घुसकर असामाजिक तत्वों द्वारा हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को बुरे तरीके से मारा-पीटा गया है। बेखौफ गुंडों की मार से घायल सभी छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकार नरम है, अपराध चरम पर है।'


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 30 schoolgirls, bihar, Supaul, sexual harassment, government school, nitish kumar, tejashwi yadav
OUTLOOK 07 October, 2018
Advertisement