Advertisement
12 July 2019

अंबाला सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच गैंगवार, खूब चले ईंट और पत्थर, छह कैदी और दो जेल अधिकारी घायल

हरियाणा की अंबाला सेंट्रल जेल में कैदियों में गैंगवार की खबर है। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि दो कुख्यात गिरोहों के सदस्यों के बीच यह लड़ाई हुई जिसमें छह कैदी और दो जेल अधिकारी घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि बिश्नोई और राणा गिरोह के लगभग 50 कैदियों ने गुरुवार शाम को जेल में अपने बैरक के बाहर एक दूसरे की पिटाई की। उन्होंने कथित तौर पर एक दूसरे के ऊपर पत्थर, ईंटों फेंके और पेड़ों की शाखाओं को लाठी के रूप में इस्तेमाल किया।

पुलिस ने कहा कि इस दौरान लड़ाई को रोकने की कोशिश कर रहे जेल के अधिकारी भी घायल हो गए।

Advertisement

जेल के उपाधीक्षक की शिकायत पर, दोनों समूहों के 84 कैदियों के खिलाफ अंबाला के बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया था।

जेल अधिकारियों ने उत्तेजित कैदियों को मना लिया और बाद में पुलिस भी सतर्क हो गई। अंबाला सेंट्रल जेल के अधीक्षक लखविंदर सिंह बरार ने कहा कि जेल प्रशासन ने दोनों समूहों के सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि जेल में स्थिति अब नियंत्रण में है।

बता दें कि इससे पहले पंजाब के लुधियाना शहर की जेल में दो गुटों में हुई हिंसक झड़प में एक कैदी की मौत को गई और 11 लोग घायल हो गए थे जिसमें छह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की। कैदियों ने अपने मोबाइल में घटना का वीडियो बनाया और उसे फेसबुक पर भी लाइव चलाया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 12 July, 2019
Advertisement