Advertisement
12 April 2020

मुंबई में ताज होटल के छह कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित

मुंबई स्थित ताज होटल के छह कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पूरे देश में फैल रहे कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप सबसे ज्यादा मुंबई में देखा गया है। यहां लगातार संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है।

निजी अस्पताल के एक चिकित्सक ने कहा कि दक्षिण मुंबई में ताज महल पैलेस के कम से कम छह कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। ताज श्रृंखला की संचालक इंडियन होटल्स कंपनी (आईएचसी) ने कहा था कि देश की वित्तीय राजधानी में उसके कुछ कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

500 कर्मचारियों की कराई गई थी जांच

Advertisement

कंपनी ने शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ मैदान में डटे स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों को अपने होटल में रखा है। उसने अपने करीब 500 कर्मचारियों की जांच कराई थी। कंपनी ने संक्रमित व्यक्तियों की संख्या नहीं बताई लेकिन एक बयान में कहा कि उनमें से ज्यादातर में इस संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे।

संपर्क में आये लोगों को आइसोलेशन में रखा गया

कंपनी ने बताया कि उन कर्मियों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनके संपर्क में आए लोगों को पृथकवास में रखा गया है। बॉम्बे हॉस्पिटल में कंसल्टिंग फिजिशियन डॉ. गौतम भंसाली ने कहा, ‘‘ताज होटल के छह कर्मियों का बॉम्बे हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। वे कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे। उनकी हालत स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा है।’’

TAGS: Taj Hotel, 6 Employees, Test Positive, Coronavirus, Mumbai
OUTLOOK 12 April, 2020
Advertisement