Advertisement
21 April 2018

अमरिंदर सरकार में आज शामिल होंगे ये नौ नए मंत्री

File Photo

पंजाब की अमरिंदर सिंह सरकार में नौ नए मंत्री शामिल होने जा रहे हैं लेकिन लेकिन कैबिनट विस्तार से पहले पार्टी में फूट पड़ती नजर आ रही है। मंत्रिमंडल में जगह न मिलने पर तीन बार विधायक रहे संगत सिंह गिलजियां ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। गिलजियां ने पंजाब कांग्रेस के उपाध्यक्ष और एआईसीसी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

पंजाब सरकार में शनिवार शाम को नौ  मंत्रियों का शपथ ग्रहण होना है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के बीच बैठक के बाद 9 नामों को मंजूरी दी गई है।

पंजाब कांग्रेस में घमासान, संगत सिंह ने दिया इस्तीफा

Advertisement

इस्तीफा देने के बाद गिलजियां ने पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा, 'मैंने एआईसीसी की सदस्यता और पीपीसीसी के उपाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा दे दिया है।' संगत सिंह ने कैबिनेट विस्तार में पिछड़े वर्गों को "अनदेखा" करने का आरोप लगाया।

संगत सिंह ने कहा, 'मैं लंबे समय से अपने निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। मैंने चार बार चुनाव लड़े और 2007, 2012 और 2017 में तीन बार विधानसभा का चुनाव जीता।' पिछड़े वर्ग के विधायक ने कहा कि वह दोबा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक थे।

संगत सिंह गिलजियां को पूरी उम्मीद थी कि उन्हें इस विस्तार में मंत्री पद दिया जाएगा। संगत सिंह इस वक्त पंजाब कांग्रेस के उपाध्यक्ष और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्य इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ को भेज दिया है।

ये नौ मंत्री आज लेंगे शपथ

अमरिंदर सरकार में शामिल होने वाले मंत्रियों में सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, विजय इंदर सिंहला, भारत भूषण आशू, श्याम सुंदर अरोड़ा, ओपी सोनी, राणा गुरमीत सिंह सोढी, गुरप्रीत सिंह कांगर और बलबीर सिद्धू शामिल हैं। ये मंत्री आज शाम शपथ लेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के बीच बैठक में इनके नामों को स्वीकृति प्रदान की गई। 

विजय इंदर सिंघला युवा नेता और संगरूर से पूर्व सांसद हैं। रंधावा, सोढ़ी और सोनी को मुख्यमंत्री का करीबी माना जाता है। 
ऐसी अटकलें थीं कि राज कुमार वर्का, कुनजीत नागरा, युवा नेता अमरिंदर सिंह राजा वरिंग, सुरिंदर डावर और राकेश पांडेय को मंत्री बनाया जा सकता है। वरिंग और नागरा कांग्रेस अध्‍यक्ष्‍ा राहुल के निकट माने जाते हैं। 

नए कैबिनेट मंत्रियों को अमरिंदर सिंह ने दी बधाई

अमरिंदर सिंह ने भावी मंत्रियों के कैबिनेट में शामिल होने से एक दिन पूर्व उन्हें बधाई दी और कहा कि पंजाब राजभवन में शनिवार शाम छह बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। उन्होंने कहा, ‘नए कैबिनेट मंत्रियों के नामों की घोषणा करके खुशी महसूस हो रही है। ... सभी को बधाई।’ 

भावी मंत्रियों के नामों की घोषणा से पहले सीएम ने कीं राहुल गांधी से दो मुलाकातें

भावी मंत्रियों के नामों की घोषणा से पहले मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के साथ दो बार मुलाकात की। दोनों नेता गुरुवार को भी मिले थे। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार की बैठक करीब एक घंटे तक चली। गुरुवार की बैठक में राहुल ने अमरिंदर से वरिष्ठता क्रमानुसार विधायकों की सूची मांगी थी। मौजूदा समय में पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री सहित नौ मंत्री हैं। आज घोषित सभी नामों के श्‍ापथ्‍ा लेने के बाद इनकी संख्‍या 18 हो जाएगी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 9 new ministers, take oath, Punjab today
OUTLOOK 21 April, 2018
Advertisement