Advertisement
12 July 2025

दिल्ली में चार मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत, आठ घायल

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में शनिवार सुबह चार मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई और एक साल के बच्चे समेत आठ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मलबे में अब भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों में इमारत में रहने वाले एक ही परिवार के 10 सदस्य और उसके पास रहने वाले कुछ अन्य लोग शामिल हैं।

घटना के संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘कुछ और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।’’

Advertisement

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें सुबह सात बजे एक इमारत के गिरने की सूचना मिली। दमकल की सात गाड़ियों सहित कई टीम काम कर रही हैं। आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।’’

स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत में एक ही परिवार के 10 लोग रहते थे।

स्थानीय निवासी अस्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सुबह करीब सात बजे मैं अपने घर में थी तभी मुझे तेज आवाज सुनाई दी और चारों तरफ धूल छा गई। जब मैं नीचे आई तो देखा कि हमारे पड़ोसी का घर ढह गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमें नहीं पता कि कितने लोग फंसे हैं लेकिन वहां एक परिवार रहता था जिसमें 10 लोग थे। तीन लोगों को बचा लिया गया है।’’

इमारत उस समय गिरी जब स्थानीय लोग सुबह की सैर पर निकले थे। उनमें से कई लोगों ने खुद ही बचाव कार्य शुरू कर दिया और दमकल विभाग के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश की। बाद में दमकल कर्मियों की मदद से तीन लोगों को मलबे से निकाला गया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने एक बयान में कहा कि सीलमपुर में ईदगाह रोड के पास जनता कॉलोनी की गली नंबर पांच में एक इमारत गिर गई।

गर्ग ने कहा, ‘‘सात दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। तीन लोगों को बचा लिया गया और उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। तलाश अभियान जारी है।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: four-storey building, collapsed, Delhi, many people trapped, rubble
OUTLOOK 12 July, 2025
Advertisement