Advertisement
08 May 2025

उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर क्रैश में छह लोगों की मौत, सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह लगभग 9 बजे गंगनानी के पास उस समय हुआ जब एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर गंगोत्री धाम की ओर जा रहा था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। 

गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने हादसे की पुष्टि की है। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर बेल 407 (VT-OXF) अहमदाबाद से चार्टर्ड किया गया था और इसे एयरो एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित किया जा रहा था। इसमें छह यात्री और एक पायलट सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर अचानक असंतुलित होकर पहाड़ी इलाके में गिर गया और उसमें आग लग गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को जानकारी दी। तत्पश्चात राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), पुलिस, सेना और राजस्व विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।

Advertisement

बचाव कार्य में देरी नहीं हुई और घायलों को तत्काल निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों घायलों का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, लेकिन आधिकारिक रूप से उनके नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं।

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने इस हेलीकॉप्टर दुर्घटना की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। AAIB ने पुष्टि की है कि दुर्घटना के तकनीकी और अन्य पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, तकनीकी खराबी या खराब मौसम इसके संभावित कारण हो सकते हैं। गौरतलब है कि उत्तरकाशी और आसपास के इलाकों में 7 और 8 मई के लिए भारी बारिश और बर्फबारी का रेड अलर्ट जारी किया गया था।

TAGS: Uttarkashi Helicopter Crash, Uttarakhand Accident, Helicopter Crash, Gangotri, Aero Aviation, Tragedy, SDRF Rescue, Aviation Safety, AAIB Investigation
OUTLOOK 08 May, 2025
Advertisement