Advertisement
04 July 2022

हिमाचल के कुल्लू में भीषण हादसा, खाई में गिरी बस; लगभग 16 लोगों की मौत

ट्विटर/एएनआई

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बड़ा हादसा हुआ है। यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब16 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय बस में 50 से अधिक लोग सवार थे। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

डीसी (कुल्लू) आशुतोष गर्ग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले के नियोली-शानशेर मार्ग पर सैंज घाटी के जांगला इलाके में एक निजी बस के चट्टान से गिरने से करीब 16 लोगों की मृत्यु हो गई। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में ले जाया जा रहा है, कुल्लू की टीमें मौके पर पहुंची। 

आशुतोष गर्ग ने बताया कि स्कूल बस कुल्लू से सैंज जा रही थी। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। रेस्क्यू अभियान जारी है। घटना सुबह करीब 8 बजे हुई। माना जा रहा है कि स्कूल के बच्चे भी बस में थे। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

Advertisement

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। प्रत्येक घायल व्यक्ति को तत्काल राहत के रूप में 15,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे। घायलों का नि:शुल्क इलाज भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में दुखद बस दुर्घटना के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए PMNRF की ओर से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि को मंजूरी दी है।। घायलों को 50-50 हज़ार रुपये दिए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुआ बस हादसा दिल दहला देने वाला है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक होंगे। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कुल्लू की बस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैंने हिमाचल प्रशासन से बात की है, बचाव कार्य पूरी गति से चल रहा है। एनडीआरएफ भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुँचने वाली है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

वहीं, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कुल्लू बस हादसे पर शोक एवं पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Himachal Pradesh, Kullu, Sainj valley, 10 people killed; school children
OUTLOOK 04 July, 2022
Advertisement