Advertisement
26 March 2018

बिहार में पत्रकार की स्कॉर्पियो से रौंदकर हत्या

बिहार में पत्रकार की स्कॉर्पियो से रौंदकर हत्या | TWITTER

रामनवमी जुलूस की कवरेज के बाद घर लौट रहे पत्रकार नवीन निश्चल और उनके एक साथी की स्कॉर्पियो से कुचल कर हत्या कर दी गई। नवीन निश्चल दैनिक भास्कर से जुड़े हुए थे। 35 साल के नवीन निश्चल और 25 साल के विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि स्कॉर्पियो में गड़हनी का पूर्व मुखिया मोहम्मद हरसू अपने बेटे के साथ था। घटना नहंसी पुल पर रविवार रात 8 बजे हुई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के पहले रविवार शाम को ही हरसू और नवीन के बीच गड़हनी बाजार में विवाद हुआ था। इसके बाद पूर्व मुखिया ने नवीन को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। 

घटना से आक्रोशित लोगों ने नहंसी पुल पर शवों को रख कर आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। स्कॉर्पियो फूंक दी और दुकानों में तोड़फोड़ की। रात ग्यारह बजे पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को काबू में किया।

Advertisement

स्थानीय लोगों और परिवार ने कहा- हादसा नहीं हत्या

भोजपुर के एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि हरसू के घर पर पुलिस भेजी गई थी लेकिन वह बेटे के साथ फरार है। पूर्व मुखिया का बेटा पीरो दंगा का आरोपी है और हाल ही में जेल से छूटा है। घटनास्थल पर पहुंचे दूसरे पूर्व मुखिया विनोद सिंह ने कहा कि नवीन की हत्या की गई है।

हरसू ने खबर लिखने के कारण अपनी गाड़ी से कुचल दिया है। परिजनों ने भी हत्या की बात कही है। नवीन के छोटे भाई राजेश बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

गड़हनी थाने के बगबां गांव निवासी खजांची सिंह के पुत्र नवीन सिंह उर्फ नवीन निश्चल डेढ़ दशक से पत्रकारिता से जुड़े थे। उनके साथी बृज नारायण सिंह के पुत्र विजय सिंह एक पत्रिका के लिए लिखते थे।

नवीन की हत्या की जानकारी मिलने के बाद से उनकी पत्नी नीतू सिंह सदमे में हैं। नवीन का पुत्र निखिल कुमार मैट्रिक व बेटी निहारिका इंटर की छात्रा है।

TAGS: journalist, bihar, scorpio, bihar, naveen nischal, dainik bhaskar
OUTLOOK 26 March, 2018
Advertisement