Advertisement
09 April 2018

हिमाचल में दर्दनाक हादसा, स्कूल बस खाई में गिरी, 26 बच्चों समेत 29 की मौत

ANI

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक स्कूल बस के खाई में गिरने से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें 27 बच्चे हैं और दो टीचर हैं। सोमवार शाम 4.30 बजे नूरपुर इलाके में यह भीषण हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बस में ज्यादातर बच्चे सवार थे। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

एएनआई के मुताबिक, राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही सीएम ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने हादसे में 27 बच्चों सहित 30 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

इस दर्दनाक हादसे पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा, 'एनडीआरएफ की टीम को तत्काल मौके पर रेस्क्यू के लिए लगाया गया है। स्थानीय लोगों की मदद से घटनास्थल पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है। मैंने हादसे की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।'

Advertisement

पुलिस, स्थानीय लोग, डॉक्टर्स की टीम और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल ने बताया, 'घटना जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर हुई है और सूचना पाते ही मैं घटनास्थल के लिए रवाना हो गया।'

आपको बता दें कि यह बस वजीर राम सिंह पब्लिक स्कूल की है। ऊंचाई से गुजर रही बस किनारे से फिसलकर नीचे गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Kangra, himachal pradesh, school bus, road accident
OUTLOOK 09 April, 2018
Advertisement