Advertisement
08 November 2020

कम्प्यूटर बाबा गिरफ्तार; आश्रम पर चला बुल्डोजर, भाजपा के खिलाफ किया था प्रचार

कम्प्यटर बाबा | File Photo

"उपचुनावों में भाजपा के खिलाफ निकाली थी लोकतंत्र बचाओ यात्रा ,46 एकड़ गौशाला की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया था आश्रम"

कांग्रेस के करीबी और चुनावों में भाजपा के खिलाफ प्रचार करने वाले कंप्यूटर बाबा (नामदेव दास त्यागी ) के आश्रम पर जिला प्रशासन ने बुल्डोजर चलवा दिया है। उन पर गौशाला की जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप है। रविवार सुबह कम्प्यूटर बाबा के गोमट गिरी स्थित आश्रम को जमींदोज कर दिया गया। इसके साथ ही बाबा को भी प्रीवेंटिव डिटेंशन के तहत हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेज दिया गया।

बाबा ने हाल मेंप्रदेश में हुए उपचुनाव में भाजपा के खिलाफ

Advertisement

28 विधानसभा सीटों पर राज्य सरकार के खिलाफ लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकाली थी। इसके पहले वर्ष 2018 के चुनावों मेंभी शिवराज सरकार के खिलाफ प्रचार किया था।

इंदौर के एयरपोर्ट रोड पर ग्राम जम्बूडी हप्सी में आने वाले बाबा के आश्रम पर कार्रवाई के लिए नगर निगम का अमला भारी पुलिस बल के साथ सुबह ही कार्यवाई के लिए पहुंच गया था। यहां पर कब्जे को लेकर प्रशासन ने दो माह पहले ही नोटिस जारी किया था। जिसमें गौशाला की 46 एकड़ जमीन पर कब्जा करने की बात कही गई थी। इसमें से 2 एकड़ जमीन पर पक्का निर्माण कर आश्रम बनाया गया था। उन्हें नोटिस देकर दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया था। हालांकि बाबा की ओर से कोई दस्तावेज पेश नहीं किए गए थे। जिसके बाद प्रशासन ने इसे कब्जा करार देते हुए तोड़ने के आदेश जारी कर दिए थे।

कार्रवाई के पहले विवाद की आशंका के चलते बाबा और उनके चार अन्य सहयोगियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद नगर निगम के अमले ने पहले यहां से सारा सामान खाली किया और उसके बाद पोकलेन मशीनों की मदद से पूरा आश्रम जमींदोज कर दिया गया।

उपचुनाव में भाजपा के खिलाफ प्रचार

उपचुनावों के दौरान भी कम्प्यूटर बाबा ने भाजपा के खिलाफ प्रचार किया था। मार्च में कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल होने की घटना को उन्होंने लोकतंत्र की हत्या करार दिया था। अपने साथी साधुओं के साथ उपचुनावों के पहले इन सभी विधानसभाओं में लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकालते हुए इस्तीफा देने वाले विधायकों के खिलाफ प्रचार किया।

दिग्विजय की जीत के लिए किया मिर्ची यक्ष

लोकसभा चुनावों के समय भी कम्प्यूटर बाबा ने भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञासिंह का विरोध किया था। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजयसिंह के समर्थन में एक मिर्ची यज्ञ भी किया था। भोपाल में दिग्विजय सिंह के लिए प्रचार भी किया था।

शिवराज और कमलनाथ ने दिया राज्य मंत्री दर्जा

कम्प्यूटर बाबा ने नर्मदा नदी के किनारे पौधारोपण में हुए कथित घोटाले के खिलाफ मार्च 2018 में यात्रा निकालने की घोषणा की थी। जिसके बाद शिवराज सरकार ने प्रदेश में पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए एक कमेटी बनाई थी, जिसमें कम्प्यूटर बाबा को भी शामिल किया गया था और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। इसके बाद बनी कांग्रेस सरकार में भी बाबा को राज्य सरकार ने नर्मदा विकास के लिए समिति बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया था।

TAGS: Action on Computer Baba, Arrested for Campaigning against BJP, MP By elections, Bulldozer Run On Ashram
OUTLOOK 08 November, 2020
Advertisement