Advertisement
13 August 2018

जनता ने प्रदेश से भाजपा का सफाया करने का बनाया लक्ष्य: अखिलेश यादव

file Photo

केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर लगातार हमला बोलने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव की तिथियां नजदीक आ रही हैं, भाजपा नेतृत्व की घबराहट बढ़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के उपचुनावों कैराना, गोरखपुर, नूरपुर, फूलपुर में भाजपा को जैसी करारी मात मिली है उससे उनके होश उड़े हुए हैं। भाजपा को लगता है कि जो गठबंधन आकार ले रहा है वह भाजपा की दिल्ली दौड़ में बड़ा अवरोधक साबित होगा और फिर से सिंहासन पर बैठने के उनके इरादों में कामयाबी नहीं मिलेगी। भाजपा उत्तर प्रदेश के चाहे जो दावा करती रहे पर जनता ने उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया करने का लक्ष्य तय कर लिया है।

पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने केन्द्र में चार वर्ष बिता दिए और उत्तर प्रदेश में 16 महीने, लेकिन इस अवधि में उन्होंने जनहित में कोई ऐसा काम नहीं किया, जिसका उल्लेख किया जा सके। किसान तबाह है उसका न तो कर्ज माफ हुआ और नहीं उसको एमएसपी (समर्थन मूल्य) का लाभ मिलेगा। परेशान हाल किसान आत्महत्या के लिए मजबूर है। दर-दर भटक रहे नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। न तो उन्हें नौकरी मिल रही है और नहीं उनके भविष्य की कोई योजना सामने आ रही है। जीएसटी-नोटबंदी के बाद व्यापार चौपट है और कर्मचारियों की विभिन्न उद्योगों में छंटनी की जा रही है। महंगाई रुक नहीं रही है।

Advertisement

 उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के निदान पर सोचने के बजाय भाजपा नेतृत्व बस मुद्दों को भटकाने की ही कवायद करता रहता है। मेरठ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सिर्फ विपक्ष को कोसने और सामाजिक नफरत की राजनीति को धार देने की ही कोशिश की गई। गरीबों, पीड़ितों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए उसमें कोई संदेश नहीं। दरअसल, भाजपा का गरीबों, किसानों और कमजोर वर्ग के लोगों के साथ कभी कोई रिश्ता नहीं रहा है।

लोक लुभावन घोषणाओं के साथ हिटलर के प्रचार मंत्री गोएबल्स की राह पर चलते हुए एक झूठ को सौ बार दुहराने की कला में पारंगत भाजपा नेतृत्व अब चाहे जितने जतन कर ले, यूपी में रैली, मंथन और विश्राम की परम्परा अपना ले, 2019 के चुनावों में जनता किसी भी तरह उनको समर्थन देने से रही। भाजपा की नियति अब फिर वर्ष 2004 की होगी, जब साइनिंग इण्डिया को जनता ने नकार दिया था। अब अच्छे दिनों का धोखा भी सबके सामने होगा।

 

 उन्होंने कहा कि भाजपा के हो-हल्ला से गरीब की आवाज दबाई नहीं जा सकती है। राजनीति में लोकतंत्र को मैनेज करने में भाजपा को अब सफलता नहीं मिलने वाली है। समाजवादी नौजवान साइकिल लेकर भाजपा की पोल खोलने निकल पड़ा है। अब समाज का कोई भी वर्ग भाजपा के गेमप्लान में फंसने वाला नहीं है। भाजपा का स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों से कोई सम्बंध नहीं रहा है इसलिए लोकतंत्र का भी सौदा करने का सपना देखने वाले भाजपा नेतृत्व को समझ लेना चाहिए कि जनता अब जाग चुकी है। वह समाजवादी सरकार के पांच सालों के विकास को भूली नहीं है। किसानों, गरीबों, और नौजवानों का गठबंधन भाजपा की केन्द्र सरकार के लिए उल्टी गिनती का खतरे का लाल संकेत है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Akhilesh Yadav, the people made, target, BJP's defeat, from the state
OUTLOOK 13 August, 2018
Advertisement