Advertisement
12 June 2025

अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन क्रैश, सीएम योगी और अखिलेश यादव ने जताया दुख

अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर अखिलेश यादव का पहला बयान, कहा- सरकार तुरंत दे स्पष्टीकरण

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना के बारे में तत्काल स्पष्टीकरण की बृहस्पतिवार को मांग की। इस दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।

लंदन जा रहा ‘एअर इंडिया’ का विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 242 यात्री और चालक दल सवार थे। विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास मेघानी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिससे स्थानीय इलाके में आग लग गई और काले धुएं के गुबार उठे। घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए कहा, “अहमदाबाद में एक दुखद दुर्घटना हुई है। एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह लंदन जा रहा था। बहुत सारे यात्रियों की जान चली गई है। मैं यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं… शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर लिखा है, अहमदाबाद प्लेन क्रैश की दुर्घटना का तुंरत स्पष्टीकरण आए जिससे आशंकाओं का उन्मूलन हो सके। यात्रियों और क्रू के सदस्यों, सभी के लिए प्रार्थनाएं। सर्वोच्च स्तरीय बचाव, राहत और उपचार उपलब्ध कराया जाए।

इस हादसे को लेकर एयर इंडिया की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी गई। उन्होंने लिखा, फ्लाइट एआई171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी। आज 12 जून को दुर्घटना का शिकार हुई है। हम अभी विवरण की जांच कर रहे हैं और इस मामले में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' और एअर इंडिया की वेबसाइट पर अधिक जानकारी साझा करेंगे।

इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से अहमदाबाद विमान हादसे के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की तरफ से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार हादसे के तुरंत बाद अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है और डॉक्टर्स की छुट्टी कैंसिल कर दी गई है। फिलहाल अहमदाबाद एयरपोर्ट से सभी उड़ानों को स्थगित किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को स्ट्रेचर के सहारे अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने ट्रैफिक को तत्काल प्रभाव से डायवर्ट कर दिया है। हादसे में कितने लोग घायल हुए या हताहत हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

 
 
TAGS: Akhilesh Yadav, statement, Air India plane Crash
OUTLOOK 12 June, 2025
Advertisement