Advertisement
18 April 2018

राजस्थान के भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी ने दिया इस्तीफा

File Photo

रामगोपाल जाट

भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रदेश के अध्यक्ष अशोक परनामी ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। बीजेपी आलाकमान ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें पदमुक्त कर दिया। परनामी अपनी दूसरी पारी खेल रहे थे। वह 15 दिसम्बर 2014 से इस पद पर बने हुए थे।

बताया जा रहा है कि उनका इस्तीफा दो दिन पहले ही हो गया था, लेकिन उसको मंगलवार को स्वीकार किया गया है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की लिए कवायद शुरू हो गई है। हालांकि, अभी राजस्थान प्रदेश बीजेपी की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है। उल्लेखनीय है कि परनामी को राजनीति में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का बेहद करीबी माना जाता है।

Advertisement

गौरतलब है कि अशोक परनामी 2004 से 2008 तक जयपुर नगर निगम के मेयर रह चुके हैं। परनामी साल 2008 में पहली बार विधायक बने थे, उसके बाद साल 2013 में दूसरी बार विधायक चुने गए। अशोक परनामी को केंद्रीय कार्य समिति का सदस्य बनाया गया है।

अशोक परनामी के अध्यक्ष पद से हटने के बाद बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष के लिए अर्जुन राम मेघवाल, ओम प्रकाश माथुर, सतीश पूनिया, ओम बिड़ला सहित कई नामों के सामने आने की चर्चा है। ताजा एससी-एसटी मामले को देखते हुए अर्जुन राम मेघवाल के अध्यक्ष बनने की सबसे अधिक संभावना है।

लेकिन, यदि इस साल के अंत में होने वाले चुनाव की बात करें तो सतीश पूनिया को भी अध्यक्ष पद पर जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। ओम प्रकाश माथुर बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, ऐसे में उनके नाम को लेकर चर्चा कम है।

केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ और बीजेपी के नाराज विधायक घनश्याम तिवाड़ी के नाम को लेकर भी बीजेपी कार्यकर्ताओं में चर्चा है। केंद्रीय नेतृत्व की और से अचंभित करने वाला नाम भी लाया जा सकता है। जिसके तहत सुनील बंसल के नाम को लेकर भी कयासबाजी जारी है लेकिन किसी भी सूरत में जातीय समीकरण इस नियुक्ति में अहम होंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ashok Paranami, resigns, BJP, state president
OUTLOOK 18 April, 2018
Advertisement