Advertisement
23 May 2017

सहारनपुर: मायावती की सभा से लौट रहे लोगों पर हमले, 1 की मौत, 9 घायल और 2 की हालत गंभीर

मंगलवार शाम पांच बजे मायावती की सभा समाप्त होते ही पास के चंद्रपुर गांव और सब्बीरपुर गांव में सभा से लौट रहे लोगों पर हमले किए गए। मिली जानकारी के अनुसार पांच बजे के करीब मायावती की सभा खत्म हुई। इसके बाद लोग अपने-अपने गांव लौटने लगे। इस दौरान लौट रहे लोगों पर गोलीबारी की गई। कई लोगों ने तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमले किए।

तलवार के प्रहार से 9 लोगों के घायल होने की खबर है जबकि एक की मौत और दो लोगों की हालत गंभीर है।  घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति की मौत गोली लगने से हुई, जिसका नाम आशीष बताया जा रहा है।

सभा के पहले भी हुई घटनाएं

Advertisement

जानकारी के अनुसार मायावती की सभा से पहले भी कुछ छिटपुट घटनाएं हुई हैं। खबर है कि शब्बीरपुर में कुछ मकानों पर पथराव के बाद बिटोडो में भी आग लगा दी गई। बताया जा रहा है कि यह घटना पहले से सुनियोजित थी इसीलिए अलग-अलग जगहों में लौट रहे लोगों को निशाना बनाया गया। घटना के बाद आसपास के जनपदों से भी पुलिस बल को बुलाया गया। इसके साथ ही वहां पर मुजफ्फरनगर व शामली से फायर ब्रिगेड की गाड़ी व पीएसी बुलाई गई। 

पीड़ितों से मिलने पहुंची थी मायावती

5 मई को सहारनपुर में महाराणा प्रताप जयंती के दिन जमकर हिंसा हुई थी। इस हिंसा के शिकार लोगों से आज मिलने के लिए मायावती सब्बीरपुर पहुंची थीं। इस दौरान मायावती ने योगी सरकार पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीनों में इस इलाके की यह चौथी हिंसा की घटना है। 

सोशल मीडिया पर घायल हुए लोगों के वीडियो भी सामने आए हैं-

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Attack, people, meeting, Mayawati, shot, injured
OUTLOOK 23 May, 2017
Advertisement