Advertisement
29 November 2023

उत्तरकाशी सुरंग रेस्क्यू: ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने भारतीय अधिकारियों और विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स की सराहना की

उत्तराखंड में उत्तरकाशी के सिलक्यारा में निर्माणाधीन सुरंग से 41 श्रमिकों के रेस्क्यू में बड़ा योगदान ऑस्ट्रेलिया के प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स का भी रहा। बहरहाल, सफल अभियान की सराहना ऑस्ट्रेलिया पीएम ने भी की है। उन्होंने इसे अद्भुत उपलब्धि बताया और अर्नोल्ड डिक्स के योगदान को भी सराहा। उन्होंने भारतीय अधिकारियों की भी तारीफ की। 

ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बानीज़ ने ऑस्ट्रेलिया के सुरंग विशेषज्ञ प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की भूमिका पर भी गर्व व्यक्त किया, जिन्होंने असंख्य चुनौतियों का सामना करते हुए दो सप्ताह तक चले ऑपरेशन की निगरानी की।

अल्बानीज़ ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, "भारतीय अधिकारियों द्वारा एक अद्भुत उपलब्धि। गर्व है कि ऑस्ट्रेलियाई प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स ने ज़मीनी स्तर पर भूमिका निभाई।" 

Advertisement

भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी बचाव अभियान की सराहना की और इसे "अत्यंत उपलब्धि" बताया। उन्होंने प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स के प्रयासों को रेखांकित किया, जिन्होंने तकनीकी सहायता प्रदान की जिससे अंततः सभी फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित निकाला जा सका।

ग्रीन ने एक्स पर पोस्ट किया, "यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उत्तराखंड में सुरंग में फंसे सभी 41 श्रमिकों को सफलतापूर्वक निकालने के लिए अधिकारियों को धन्यवाद। ऑस्ट्रेलिया के प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की विशेष सराहना, जिन्होंने जमीन पर महत्वपूर्ण तकनीकी सहायता प्रदान की।"

गौरतलब है कि 12 नवंबर को सिल्क्यारा की ओर से 205 से 260 मीटर के बीच सुरंग का एक हिस्सा ढह गया। जो श्रमिक 260 मीटर से अधिक थे वे फंस गए, उनका निकास अवरुद्ध हो गया। उत्तराखंड के सिल्कयारा सुरंग में 12 नवंबर से फंसे सभी 41 मजदूरों को मंगलवार शाम को सुरक्षित निकाल लिया गया। शाम 7:05 बजे सफलता मिली। 

बचाए गए श्रमिकों को नारंगी गेंदे के फूलों की माला पहनाई गई और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने उनका स्वागत किया। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बचावकर्मियों की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने "मानवता और टीम वर्क का उदाहरण" पेश किया है।

पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट किया, "उत्तरकाशी में हमारे मजदूर भाइयों के रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता हर किसी को भावुक कर रही है। टनल में फंसे साथियों से मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है। मैं आप सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।"

मंगलवार को फंसे हुए 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के कुछ घंटों बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बचाए गए लोगों से फोन पर बात की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttarakhand, Uttarkashi tunnel rescue operation, Australia pm, arnold dix, indian officers
OUTLOOK 29 November, 2023
Advertisement