Advertisement
17 June 2024

बंगाल रेल हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत, 60 घायल; ये 19 ट्रेनें हुईं रद्द

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सोमवार को एक मालगाड़ी के कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन से टकरा जाने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में अब तक कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। दुर्घटना स्थल पर एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौजूद हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना स्थल का दौरा करने के लिए दार्जिलिंग रवाना हो गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अनुग्रह राशि की घोषणा भी कर दी है।

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा इलाके में कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 19 ट्रेनें रद्द कर दी गईं।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और लगभग 60 अन्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई बताया, "इस दुर्घटना में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है और 60 अन्य घायल हुए हैं।"

हालांकि, पश्चिम बंगाल ट्रेन दुर्घटना पर पूर्वी रेलवे के मुख्य पीआरओ कौशिक मित्रा का कहना है, "रेलवे पीआरओ के मुताबिक, मरने वालों की संख्या 8 है। एक विशेष ट्रेन 12:40 बजे वहां (दुर्घटना स्थल) से सियालदह के लिए रवाना हुई। अधिकांश यात्री मालदा और बोलपुर के हैं। ज्यादातर यात्री सुरक्षित हैं।''

पीएमओ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि पश्चिम बंगाल में हुई रेल दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "पश्चिम बंगाल में हुई रेल दुर्घटना दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया है। प्रभावितों की सहायता के लिए बचाव कार्य जारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी दुर्घटनास्थल पर जा रहे हैं।"

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "पीड़ितों को बढ़ी हुई अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी - मृत्यु के मामले में 10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल होने पर 2.5 लाख रुपये और मामूली चोट लगने पर 50,000 रुपये।"

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने कहा,  "करीब 25 लोग घायल हुए हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। बचाव अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है। हम बचाव अभियान जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कंचनजंगा को पीछे से एक मालगाड़ी ने टक्कर मारी है। हमें 8 लोगों की मौत की सूचना मिली है।"

रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं सीईओ जया वर्मा सिन्हा ने कहा, "बचाव अभियान पूरा हो गया है। सिग्नल की अनदेखी करने वाले चालक (लोको पायलट) की मौत हो गई है और कंचनजंगा एक्सप्रेस के गार्ड की भी जान चली गई है। अगरतला-सियालदह मार्ग पर सभी रेलवे स्टेशनों पर सहायता डेस्क स्थापित किए गए हैं।"

इससे कुछ देर पहले, दार्जिलिंग के एडिशनल एसपी अभिषेक रॉय ने बताया था, "इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई है और 20-25 लोग घायल हैं। स्थिति गंभीर है। यह हादसा तब हुआ जब एक मालगाड़ी कंचनजंगा एक्सप्रेस से टकरा गई।"

पार्थ प्रतिम रॉय, अध्यक्ष, उत्तर बंगाल राष्ट्रीय परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) ने कहा, "सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस के फंसे हुए यात्रियों को बचाने के लिए उत्तर बंगाल राष्ट्रीय परिवहन निगम की 10 बसें दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गई हैं। इसके अलावा, सिलीगुड़ी तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस से सिलीगुड़ी-कोलकाता के लिए अतिरिक्त बस सेवाएं आज दोपहर से चालू हो जाएंगी। 

शुरुआती खबरों के मुताबिक, एक मालगाड़ी के पीछे से टकराने से एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना आज सुबह करीब 8:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन से आगे कटिहार रेलवे डिवीजन के रंगापानी इलाके में हुई।

त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, अभी तक हताहतों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

राष्ट्रपति मुर्मू और रेल मंत्री ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्पघटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में हुई रेल दुर्घटना में लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और राहत एवं बचाव कार्यों की सफलता की प्रार्थना करती हूं।"

राजभवन कोलकाता ने ट्वीट किया, "राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने आज दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा क्षेत्र में हुई दुखद रेल दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि और कई लोगों के घायल होने पर अपना दुख व्यक्त किया है।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, "पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में हुई रेल दुर्घटना बहुत दुखद है। मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में अपने परिजनों को खोने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, "एनएफआर जोन में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना। बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मिलकर काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।"

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "अभी-अभी, दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा इलाके में एक दुखद ट्रेन दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। हालांकि विवरण की प्रतीक्षा है, कंचनजंगा एक्सप्रेस कथित तौर पर एक मालगाड़ी से टकरा गई है।"

उन्होंने कहा, "डीएम, एसपी, डॉक्टर, एम्बुलेंस और आपदा टीमों को बचाव, पुनर्प्राप्ति, चिकित्सा सहायता के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है। युद्ध स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई है।"

रेलवे अधिकारी ने बताया कि 13174 कंचनजंगा एक्सप्रेस अगरतला से सियालदह जा रही थी, तभी सुबह करीब नौ बजे यह दुर्घटना हुई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rail accident, west bengal, kanchenjunga express train, injury, goods train
OUTLOOK 17 June, 2024
Advertisement