Advertisement
23 September 2015

शर्मिंदा कर रहे हैं सोमनाथ, सरेंडर करें: केजरीवाल

भारती को समर्पण कर देना चाहिए: केजरीवाल | गूगल

भारती के खिलाफ उनकी पत्नी लिपिका मित्रा ने घरेलू हिंसा का एक मामला दर्ज कराया है और उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत देने से इंकार किए जाने के बाद से भारती फरार हैं। अपने पूर्व मंत्रिमंडल के सहयोगी पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए आप प्रमुख ने भारती के छिपने पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह पुलिस से क्यों भाग रहे हैं और जेल जाने से क्यों डर रहे हैं।

 

उन्होंने कहा सोमनाथ को समर्पण कर देना चाहिए। वह भाग क्यों रहे हैं ? जेल जाने से वह इतना डर क्यों रहे हैं ? अब तो वह पार्टी और उनके परिवार के लिए शर्मिंदगी की वजह बन गए हैं। भारती का संदर्भ देते हुए केजरीवाल ने अपने ट्वीट में कहा उन्हें पुलिस के साथ सहयोग करना चाहिए। वर्ष 2013 में आप सरकार के 49 दिन के कार्यकाल में भारती कानून मंत्री थे।

Advertisement

 

दिल्ली उच्च न्यायालय ने कल भारती की घरेलू हिंसा के एक मामले में अग्रिम जमानत ठुकरा दी थी। यह मामला भारती की पत्नी लिपिका ने दर्ज कराया था। पुलिस भारती की तलाश कर रही है। पिछले सप्ताह एक स्थानीय अदालत ने इस मामले में उनकी अग्रिम जमानत खारिज कर दी थी। भारती के नदारद होने को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पुलिस के साथ सहयोग करने को कहा। बहरहाल, भारती के गायब हो जाने को लेकर पार्टी नेतृत्व ने कड़ा रूख जाहिर किया है।

 

आप नेता आशुतोष ने आज कहा कि पुलिस इस मामले में अनावश्यक रूप से अत्यधिक दिलचस्पी दिखा रही है। उन्होंने कहा कि भारती को आत्मसमर्पण कर अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत खारिज कर दी। उन्हें सामने आना चाहिए और जांच एजेंसी के समक्ष अपना पक्ष रखना चाहिए। कानून से भागने का कोई मतलब ही नहीं है। हम कानून का सम्मान करते हैं अदालतों का सम्मान करते हैं और मानते हैं कि न्याय किया जाएगा।

TAGS: सोमनाथ भारती, अरविंद केजरीवाल, somnath bharti, arwind kejriwal
OUTLOOK 23 September, 2015
Advertisement