Advertisement
10 January 2019

बुलंदशहर मामले का मुख्य आरोपी शिखर अग्रवाल गिरफ्तार, बीजेपी यूथ विंग का है सदस्य

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोवंश के अवेशष मिलने के बाद फैली हिंसा मामले में यूपी पुलिस ने एक और आरोपी को पकड़ा है। बुलंदशहर हिंसा मामले के मुख्य आरोपी शिखर अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भीड़ द्वारा हिंसा की इस घटना में पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शिखर अग्रवाल बीजेपी यूथ विंग से जुड़ा है और वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। यूपी के हापुड़ से शिखर की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पिछले महीने हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने 35 लोगों को गिरफ्तार किया है।

योगेश और कलुआ हो चुके हैं गिरफ्तार

Advertisement

बीते दिनों हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को गिरफ्तार किया था। योगेश राज को स्याना हिंसा का मुख्य आरोपी बनाया गया था। वह बजरंग दल का जिला संयोजक है और हिंसा के बाद से फरार था। बताया जा रहा है कि योगेश राज की गिरफ्तारी नेताओं की सहयोग के बाद हुई थी। फरार चल रहे योगेश राज की गिरफ्तारी बुलंदशहर के खुर्जा से हुई थी। योगेश राज पर गो हत्या मामले में झूठी एफआईआर दर्ज करवाने का भी आरोप है।

वहीं 3 दिसंबर को भड़की हिंसा के दौरान पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला करने के आरोप में बीते सोमवार को पुलिस ने कलुआ नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपी कलुआ ने पुलिस को बताया कि 3 दिसंबर को वह सड़क को अवरूद्ध करने के लिए पेड़ गिरा रहा था लेकिन पुलिस निरीक्षक ने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे पहले पुलिस ने 27 दिसंबर को आरोपी प्रशांत नट को गिरफ्तार किया था। उसने कुल्हाड़ी से हमले के बाद सुबोध कुमार सिंह की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी थी।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि बुलंद शहर के महवा गांव के पास एक खेत में गोवंश के अवेशष मिलने के बाद फैली गौकशी की अफवाह के बाद इलाके में हिंसा फैल गई थी। हिंसा में भीड़ ने पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा सुमित नाम के युवक की भी गोली लगने से मौत हो गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bharatiya Janata Yuva Morcha member, Shikhar Agarwal, accused, Dec 3, Bulandshahr violence, arrested
OUTLOOK 10 January, 2019
Advertisement