Advertisement
04 July 2022

बिहार: सीढ़ियों से गिरे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, कंधे की हड्डी में हुआ फ्रैक्चर, जानें अब कैसी है तबीयत

ट्विटर/एएनआई

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव इस समय पटना के पारस अस्पताल में भर्ती हैं। इससे पहले रविवार को सीढ़ियों से गिरने के बाद लालू यादव के कंधे में फ्रैक्चर हो गया था और उन्हें बेहोशी के हालत में अस्पताल लाया गया था। बताया जा रहा है कि लालू यादव की पीठ में भी चोट लगी है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कल अपने घर पर सीढ़ियों से गिरने के बाद लालू यादव के दाहिने कंधे में मामूली फ्रैक्चर हुआ था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और फिर उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

पारस अस्पताल के  चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. आसिफ रहमान  ने बताया कि लालू यादव जी देर रात यहां आए थे। कंधे में चोट और पुरानी बीमारियों के चलते उनकी स्थिति अस्थिर थी। हमारे डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। मरीज की स्थिति अभी स्थिर है। यह कहना मुश्किल है कि उनको छुट्टी कब मिलेगी।

Advertisement

बताया जा रहा है कि इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने लालू यादव के कंधे को मेडिकल पट्टी लगा कर बांध दिया ताकि हड्डी जुड़ सके। इसके बाद डॉक्टरों ने लालू यादव को मेडिसिन दिया और उन्हें आराम करने की सलाह दी।

 

इन बीमारियों से जूझ रहे हैं लालू यादव

बता दें कि आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की तबीयत अक्सर खराब रहती है और वो पहले से कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। जेल में रहने के दौरान भी उनको काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था और कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। लालू यादव डाइबिटीज, ब्लड प्रेशर, ह्रदय रोग, किडनी की बीमारी, तनाव, थैलीसीमिया, प्रोस्टेट का बढ़ना, यूरिक एसिड का बढ़ना, ब्रेन से सम्बंधित बीमारी, कमजोर इम्युनिटी, दाहिने कंधे की हड्डी में दिक्कत, पैर की हड्डी की समस्या, आंख में दिक्कत और ह्रदय संबंधित बीमारियों से जूझ रहे हैं।

जेल से बाहर हैं लालू यादव

गौरतलब है कि चारा घोटाले के कई मामलों में दोषी करार दिए गए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को कुछ महीने पहले रांची स्थित सीबीआई की एक विशेष अदालत ने जमानत दी थी, जिसके बाद से वह जेल के बाहर हैं और 10 सर्कुलर स्थित राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bihar, RJD leader Lalu Prasad Yadav, Paras Hospital, Patna, fell down the stairs
OUTLOOK 04 July, 2022
Advertisement