Advertisement
30 May 2022

वोट की राजनीति के लिये एक समुदाय के प्रति हिंसा, नफरत और द्वेष का माहौल बना रही है बीजेपीः भाकपा

ANI

लखनऊ। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी उत्तर प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी ने चिन्ता जताई है कि भाजपा की उत्तर प्रदेश और केन्द्र की सरकारों ने भारत के मुस्लिम नागरिकों के खिलाफ जो घृणा और हिंसक अभियान को प्रश्रय दे रखा है वह देश के भविष्य के लिये हितकर नहीं है। शासकों का काम समाज और देश के नागरिकों, क्षेत्रों और समुदायों के बीच यदि कोई दूरी विवाद या वैमनस्य है तो उसे भरना होता है, राजनीतीक स्वार्थों के लिये खाई पैदा करना नहीं। लेकिन वर्तमान सरकार और शासकवर्ग ऐसा ही कर रहे हैं और वह भी जानबूझ कर।

दो दिन तक चली भाकपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हुयी गहन चर्चा का यह प्रमुख बिन्दु था। बैठक के निष्कर्षों की जानकारी देते हुये भाकपा राज्य सचिव डा. गिरीश ने कहा कि भाजपा इतिहास की बहुत बात करती है, पर इतिहास से कोई सबक नहीं लेती। उलटे वह इतिहास को विकृत कर रही है और वोट की तुच्छ राजनीति के लिये एक समुदाय के प्रति हिंसा नफरत और द्वेष का माहौल निरंतर और युद्धस्तर पर बना रही है। कारपोरेट्स संचालित मीडिया का बड़ा भाग भी इस अपराधिक क्रिया में लिप्त है।

भाकपा ने चेतावनी दी है कि भाजपा और उसकी सरकारों द्वारा चलायी जा रही राजनीति देश के भविष्य के लिये खतरनाक है। जनता जितनी जल्दी इस तथ्य को समझ जाये, उतना ही देश हित में होगा। विभाजन और नफरत की राजनीति के चलते मनमाने कदम उठाने के बावजूद कश्मीर में आप शांति स्थापित कर नहीं पाये, पंजाब की घटनाएँ भी चिन्ता पैदा करने वाली हैं और आप सारे देश को नफरत की आग में क्यों झोंक रहे हैं, भाकपा ने सवाल कर अनुरोध किया है कि इस खेल को देश हित में तत्काल बन्द कर दीजिये।

Advertisement

हम जानते हैं और अब जनता भी समझती जा रही है कि आप यह खेल जनता को परेशानियों में डालने वाली अपनी नीतियों और कारगुजारियों से ध्यान हटाने को कर रहे हैं। लेकिन वामपंथी दल और देशभक्त ताक़तें आपका यह खेला दीर्घकाल तक चलने नहीं देंगी। वे जनता के बीच जा रही हैं, उन्हें समझा रही हैं और उनकी आवाज उठा रही हैं।

भाकपा राज्य कार्यकारिणी ने वामपंथी दलों के राष्ट्रीय आह्वान पर उत्तर प्रदेश में 25 मई से चलाये जारहे जन अभियान की समीक्षा की जो कि आसमान छूती महंगाई, निरंतर बढ़ायी जा रही बेरोजगारी और गरीबी, भ्रष्टाचार, निजीकरण, बुलडोजरवाद और पुलिसराज, सामाजिक विभाजन पैदा करने वाली कारगुजारियों एवं जनता को तवाह कर रही कानून-व्यवस्था के बारे में चलाया जा रहा है।

भाकपा राज्य कार्यकारिणी ने इन मुद्दों पर वामदलों द्वारा 31 मई को जिला मुख्यालयों पर किए जा रहे प्रदर्शनों की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और आम लोगों से उसका भागीदार बनने की अपील की। इस बात को रेखांकित किया गया कि गत सप्ताह बड़ती कीमतों के खिलाफ उक्त अभियान चलाने की वामपंथी दलों की घोषणा के बाद केन्द्र सरकार को पेट्रोल डीजल के दाम कम करने पर मजबूर होना पड़ा।

राज्य सचिव डा. गिरीश ने बताया कि भाकपा देश प्रदेश की राजनीति की समीक्षा करने और भविष्य की रणनीति के निर्धारण करने और सांगठनिक ढांचे को चुस्त दुरुस्त और व्यापक बनाने को अपना राष्ट्रीय महाधिवेशन अक्तूबर माह में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा महानगर में आयोजित करने जा रही है। निर्धारित क्रम में उत्तर प्रदेश में शाखाओं- जिलों के सम्मेलन जारी हैं। राज्य सम्मेलन आयोजन हेतु फ़तेहपुर की जिला काउंसिल के प्रस्ताव को स्वीकारते हुये राज्य कार्यकारिणी ने प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया। यह 24वां राज्य सम्मेलन 23, 24 एवं 25 सितंबर को जनपद फतेहपुर के तहसील मुख्यालय पर आयोजित किया जायेगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 30 May, 2022
Advertisement